झारखंड : नक्सलियों के आईईडी धमाके में 26 जवान जख्मी, एयरलिफ्ट कर रांची लाए गए

झारखंड के सरायकेला खरसावां में नक्सलियों ने मंगलवार सुबह आईईडी धमाका किया। इसमें पुलिस और 209 कोबरा के 26 जवान घायल हो गए। पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है। डीजी नक्सल अभियान मुरारी लाल मीणा ने घटना की पुष्टि की है। ब्लास्ट के बाद नक्सलियों ने जवानों पर फायरिंग भी की।
जानकारी के मुताबिक, राय सिंदरी पहाड़ पर नक्सलियों ने ब्लास्ट किया। घायल जवानों को सेना के हेलिकॉप्टर द्वारा एयरलिफ्ट कर रांची के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
डीजीपी डीके पांडे ने बताया था कि नक्सलियों ने यह आईईडी चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने के लिए लगाए थे। कोबरा, झारखंड जगुआर और झारखंड पुलिस के संयुक्त अभियान ने इलाके को सुरक्षित कर लिया है।
सर्च ऑपरेशन के दौरान हुआ हादसा
अफसरों के मुताबिक, सीआरपीएफ की विशेष टीम कोबरा और झारखंड जगुआर के जवान सुबह लॉन्ग रेंज पेट्रोलिंग (एलआरपी) से लौट रहे थे। इसी दौरान यह ब्लास्ट हुआ। फिलहाल, मौके पर भारी संख्या में जवानों को तैनात किया गया है।
Jharkhand: An IED exploded at 4:53 am today in Kuchai area of Saraikella on the troops of 209 CoBRA and Jharkhand police who were out on special operations. 8 CoBRA personnel & 3 Jharkhand police personnel injured. The injured jawans have been brought to a hospital in Ranchi. pic.twitter.com/rO31QkbAXc
— ANI (@ANI) May 28, 2019
गढ़चिरौली में हुए थे 15 जवान शहीद
महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में 30 अप्रैल को हुए नक्सली हमले में पुलिस के 15 जवान शहीद हो गए थे। हमले में बस ड्राइवर की भी मौत हुई थी। इससे पहले इसी इलाके में नक्सलियों ने रोड निर्माण में लगे 30 वाहनों को आग लगा दी थी। नक्सली हमला कुरखेड़ा से छह किमी दूर कोरची मार्ग पर हुआ था। महाराष्ट्र पुलिस के जवान निजी बस से गढ़चिरौली की ओर जा रहे थे। यह इलाका महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमा पर है।