रांची

रांची : लॉ छात्रा से गैंगरेप मामले में कोर्ट का फैसला, सभी 11 दोषियों को आजीवन कारावास, दोषियों पर 50-50 हजार रु. जुर्माना

Arun Mishra
2 March 2020 11:49 AM GMT
रांची : लॉ छात्रा से गैंगरेप मामले में कोर्ट का फैसला, सभी 11 दोषियों को आजीवन कारावास, दोषियों पर 50-50 हजार रु. जुर्माना
x
दुष्कर्म की घटना 26 नवंबर की, पीड़ित के पक्ष में कुल 21 लोगों ने बयान दर्ज कराए गए.

रांची : झारखंड की राजधानी रांची के कांके थाना क्षेत्र स्थित लॉ यूनिवर्सिटी की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म मामले में कोर्ट ने सोमवार को सभी 11 दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। सभी पर 50-50 हजार रुपए जुर्माना लगाया गया है। यह रकम पीड़िता को देने का आदेश दिया गया है। मामले में एक आरोपी नाबालिग है, जिसकी सुनवाई जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड में चल रही है। पिछले साल 26 नवंबर को दुष्कर्म की घटना हुई थी। इसके 97 दिन बाद दोषियों को सजा सुनाई गई है।

दोषी युवकों में कुलदीप उरांव, सुनील उरांव, संदीप तिर्की, अजय मुंडा, राजन उरांव, नवीन उरांव, बसंत कच्छप, रवि उरांव, रोहित उरांव, सुनील मुंडा और ऋषि उरांव शामिल हैं। प्रधान न्यायायुक्त नवनीत कुमार की अदालत ने आरोपियों को अपहरण, सामूहिक दुष्कर्म और आपराधिक षडयंत्र रचने का दोषी ठहराया था। दोषी करार दिए जाने के बाद सजा के बिंदु पर सुनवाई के लिए दो मार्च की तरीख तय की गई थी।

26 फरवरी को दोषी करार दिया गया था

पीड़िता ने कांके थाने में घटना के अगले दिन 27 नवंबर को मामला दर्ज कराया था। मामले में कोर्ट ने सुनवाई करते हुए एक माह 20 दिन में आरोपियों को दोषी करार दिया था। कोर्ट में इस साल 6 जनवरी को आरोप तय हुआ था। 7 से 12 जनवरी तक गवाही हुई। कोर्ट में हर दिन गवाहों के बयान देर शाम तक दर्ज किए गए। कुल 21 लोगों ने बयान दिए। 13 से 24 फरवरी तक दोनों पक्षों की ओर से बहस हुई। इसके बाद काेर्ट ने 26 फरवरी को आरोपियों को दोषी करार दिया था।

पीड़ित ने एफआईआर में बताया था कि 26 नवंबर की देर शाम वह संग्रामपुर बस स्टॉप पर अपने मित्र के साथ बैठी थी। तभी वहां बाइक सवार दो और कार में बैठे सात युवक पहुंचे। बाइक सवार युवकों ने पहले मारपीट की, फिर जबरन उठाकर बाइक से ले गए। एक नर्सिंग होम के पास उनकी बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया, तो पीछे से आ रही कार में डालकर एक ईंट-भट्ठे की ओर ले गए, वहां सभी ने दुष्कर्म किया। कुछ देर बार छात्रा के दोस्त की स्कूटी से तीन और युवक वहां पहुंचे थे।

पुलिस ने 16 युवकों को पकड़ा था

27 नवंबर को पुलिस ने कुल 16 युवकों को पकड़ा था, लेकिन घटना में शामिल दोषियों ने खुद ही कबूल लिया कि घटना में 12 लोग शामिल थे। फोरेंसिक जांच रिपोर्ट में भी 12 लोगों के शामिल होने की पुष्टि हुई।

एक दोषी ने दो बार दुष्कर्म किया था

पुलिस ने सभी 12 आरोपियों के ब्लड सैंपल पीड़िता के वस्त्र पर मिले स्पर्म से मिलान के लिए फोरेंसिक लैब भेजा था। इनमें आठ आरोपियों के ब्लड सैंपल पॉजिटिव मिले थे। पीड़िता ने पुलिस को बताया था कि एक आरोपी ने उसके साथ दो बार दुष्कर्म किया था। आरोपियों ने जिस तरह उसे पकड़ रखा था, अगर वह थोड़ा भी विरोध करती तो वे उसकी हत्या कर सकते थे।

Next Story