कर्नाटक

कर्नाटक में BJP के 10 विधायक हुए सस्पेंड, जानिए- क्या है पूरा मामला?

Arun Mishra
19 July 2023 1:41 PM GMT
कर्नाटक में BJP के 10 विधायक हुए सस्पेंड, जानिए- क्या है पूरा मामला?
x
कांग्रेस विधायकों ने भाजपा नेताओं के व्यवहार की निंदा की, जिससे सदन में माहौल तनावपूर्ण हो गया।

कर्नाटक विधानसभा में बुधवार को जबरदस्त हंगामा हुआ। इसके बाद भाजपा के 10 विधायकों को सस्पेंड कर दिया गया। आरोप है कि विधायकों ने विधानसभा के वेल में आकर जमकर नारेबाजी की। इस दौरान उप सभापति रुद्रप्पा लमानी पर कागज फेंके। दरअसल, स्पीकर ने बिना लंच ब्रेक के सदन की कार्यवाही जारी रखने के निर्देश दिए थे। इससे नाराज होकर बीजेपी विधायकों ने सभापति की चेयर और उपसभापति पर कागज फेंके।

आईएएस अधिकारियों के दुरुपयोग का लगाया आरोप

सदन की कार्यवाही शुरू होते ही भाजपा और जेडीएस विधायक विधानसभा के वेल में आ गए। आरोप लगाया है कि कांग्रेस सरकार ने अपने गठबंधन वाले नेताओं की सेवा में 30 आईएएस अधिकारियों को तैनात कर दुरुपयोग किया। हंगामा चल रहा था, इसी बीच स्पीकर यूटी खादर अपनी चेयर से उठे और बाहर चले गए। यह कहते हुए गए कि सदन की कार्यवाही लंच के लिए नहीं रुकेगी। बजट और अन्य मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। यूटी खादर की गैर हाजिरी में उप सभापति रुद्रप्पा लमानी कार्यवाही की अध्यक्षता कर रहे थे।

मार्शलों ने घेरा सभापति की चेयर

कर्नाटक विधानसभा अध्यक्ष खादर ने सुझाव दिया कि जो सदस्य दोपहर का भोजन करना चाहते हैं, वे ऐसा कर सकते हैं और चर्चा के लिए लौट सकते हैं। इस दौरान विपक्षी नेताओं ने उप सभापति की तरफ कागज फेंके। जिससे विधानसभा में अराजकता फैल गई। डिप्टी स्पीकर लमानी को हंगामे से बचाने की कोशिश में असेंबली मार्शलों ने चेयर को घेर लिया।

बाद में हंगामे में शामिल विधायकों को शेष सत्र के लिए निलंबित कर दिया गया। कांग्रेस विधायकों ने भाजपा नेताओं के व्यवहार की निंदा की, जिससे सदन में माहौल तनावपूर्ण हो गया। इसके बाद उपसभापति ने कार्यवाही शेष दिन के लिए स्थगित कर दी।

Next Story