कर्नाटक में चुनावी सरगर्मी तेज, 'पूजा गांधी' जनता दल (सेक्युलर) में हुई शामिल
बेंगलुरू : कर्नाटक विधानसभा चुनाव के मद्देनजर चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है, जैसे-जैसे चुनावी माहौल गरमा रहा है पार्टी के बड़े नेता भी जी जान से अपनी अपनी पार्टी के लिए चुनावी प्रचार में लग गए हैं। वहीं खबर है कि कन्नड़ फिल्मों की लोकप्रिय अभिनेत्री पूजा गांधी जनता दल (सेक्युलर) में शामिल हो गई है।
फिल्म अभिनेत्री पूजा गांधी ने शनिवार को जनता दल (सेक्युलर) के बेंगलुरू पार्टी ऑफिस में पहुंचकर पार्टी ने शामिल होने का ऐलान किया। गौरतलब है इससे पहले पूजा गांधी ने 2012 में पूर्व मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा के कर्नाटक जनता पक्ष (केजेपी) में शामिल होने के लिए जेडी (एस) छोड़ दिया था।
पूजा गांधी बीएसआर कांग्रेस के टिकट पर कर्नाटक में रायचूर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ी थी। जिसमें वो चुनाव हारने के साथ ही पूरी तरह से फ्लॉप रहीं। पूजा गांधी को केवल 1815 वोट मिले थे और वह चौथे स्थान पर रहीं।
अभिनेत्री पूजा गांधी ने कम बजट की फिल्म 'मूंगारो माले' से अभिनय की दुनिया में कदम रखा था। यह फिल्म सुपर हिट रही और वो अदाकारी की बुलंदी पर पहुंच गई। उन्होंने कई कन्नड़ फिल्मों में अभिनय किया है और वह कन्नड फिल्म उद्योग की शीर्ष अभिनेत्रियों में शामिल हैं।
आपको बता दें कर्नाटक में एक ही चरण में 12 मई को वोट डाले जाएंगे और 15 मई को वोटों की गिनती होगी। इसी दिन परिणाम का ऐलान भी किया जाएगा। कर्नाटक में विधानसभा की कुल 224 सीटें हैं, जिसमें बहुमत का आंकड़ा 113 है। कर्नाटक में 4.90 करोड़ कुल मतदाता हैं।