
कर्नाटक: कांग्रेस ने जारी की स्टार प्रचारकों की लिस्ट, लेकिन इसमें इस नेता का नाम नहीं है शामिल

बेंगलुरू : कर्नाटक विधानसभा चुनाव के मद्देनजर चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है, जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहा है पार्टी के बड़े नेता भी जी जान से अपनी अपनी पार्टी के लिए चुनावी प्रचार में लग गए हैं। ये चुनाव बीजेपी और कांग्रेस दोनों के लिए काफी अहम माना जा रहा है।
वहीं इस चुनाव में कांग्रेस ने कमर कस ली है। पार्टी ने चुनाव प्रचार के लिए देश के बड़े नेताओं की लिस्ट तैयार कर ली है। लेकिन स्टार प्रचारकों की संभावित इस लिस्ट में कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी का नाम शामिल नहीं है। बताया जा रहा है कि स्वास्थ्य ठीक न होने की वजह से सोनिया गांधी प्रचार के लिए कर्नाटक दौरे पर नहीं जाएंगी।
वहीं इस लिस्ट में शरद पवार, अखिलेश यादव और तेजस्वी यादव के नाम शामिल है। इसके अलावा पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह, सचिन पायलट, नवजोत सिंह सिद्धू, शशि थरूर, फिल्म एक्टर नगमा और खुशबू का नाम भी स्टार प्रचारकों की लिस्ट में शामिल है।
बताया जा रहा है कि कांग्रेस शरद पवार से कर्नाटक चुनाव में ज्यादा से ज्यादा रैली करवाना चाहती है। दरअसल कर्नाटक में बड़ी संख्या में मराठी लोग भी रहते हैं ऐसे में शरद पवार की रैली इन पर खासा प्रभाव डाल सकती है।
वहीं कांग्रेस ने बेंगलुरु के आसपास के इलाकों में उत्तर प्रदेश और बिहार से आये लोगों की बड़ी आबादी में रह रहे लोगों का समर्थन हासिल करने के लिए अखिलेश यादव और तेजस्वी यादव का सहारा लिया है।
आपको बता दें कर्नाटक में एक ही चरण में 12 मई को वोट डाले जाएंगे और 15 मई को वोटों की गिनती होगी। इसी दिन परिणाम का ऐलान भी किया जाएगा। कर्नाटक में विधानसभा की कुल 224 सीटें हैं, जिसमें बहुमत का आंकड़ा 113 है। कर्नाटक में 4.90 करोड़ कुल मतदाता हैं।