भोपाल

साध्वी प्रज्ञा ने अब बाबरी मस्जिद पर दिया विवादित बयान, चुनाव आयोग ने थमाया एक और नोटिस

Special Coverage News
21 April 2019 9:33 AM GMT
साध्वी प्रज्ञा ने अब बाबरी मस्जिद पर दिया विवादित बयान, चुनाव आयोग ने थमाया एक और नोटिस
x
बयान में प्रज्ञा ने कहा था कि उन्होंने बाबरी मस्जिद तोड़ने में मदद की और अब वह राम मंदिर बनाने में मदद करेंगी।

भोपाल : लोकसभा सीट से बीजेपी की उम्मीदवार साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर को चुनाव आयोग की तरफ से एक और कारण बताओ नोटिस जारी हुआ है। इस बार आयोग ने एक टीवी चैनल पर बाबरी मस्जिद को लेकर उनकी टिप्पणी के बाद भोपाल जिला निर्वाचन अधिकारी ने उन्हें यह नोटिस जारी किया है। इस विवादित बयान में प्रज्ञा ने कहा था कि उन्होंने बाबरी मस्जिद तोड़ने में मदद की और अब वह राम मंदिर बनाने में मदद करेंगी।

शहीद करकरे के बाद अब बाबरी मामले को लेकर प्रज्ञा ने विवादित टिप्पणी की है। प्रज्ञा ने कहा, 'राम मंदिर निश्चित रूप से बनाया जाएगा। यह एक भव्य मंदिर होगा।' यह पूछे जाने पर कि क्या वह राम मंदिर बनाने के लिए समयसीमा बता सकती हैं, तो प्रज्ञा ने कहा, 'हम मंदिर का निर्माण करेंगे। आखिरकार, हम ढांचा (बाबरी मस्जिद) को ध्वस्त करने के लिए भी तो गए थे। मैंने ढांचे पर चढ़कर तोड़ा था। मुझे गर्व है कि ईश्वर ने मुझे अवसर दिया और शक्ति दी और मैंने यह काम कर दिया। अब वहीं राम मंदिर बनाएंगे।'

बता दें कि इससे पहले प्रज्ञा ने 26/11 के मुंबई आतंकी हमले में शहीद पुलिस अधिकारी हेमंत करकरे के बारे में विवादित बयान दिया था, जिस पर काफी किरकिरी के बाद उन्होंने माफी मांग ली थी। उधर, कांग्रेस नेता और छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने प्रज्ञा पर निशाना साधते हुए कहा कि वह शुरू से ही झगड़ालू प्रवृत्ति की रही हैं।

बता दें कि बीजेपी ने साध्वी प्रज्ञा को भोपाल लोकसभा सीट से चुनावी मैदान में उतारा है। इस सीट से उम्मीदवारी के ऐलान के बाद से ही प्रज्ञा अपने विवादित बयानों को लेकर लगातार घिरती दिख रही हैं। उनके विवादित बयानों को लेकर सोशल मीडिया पर भी लोगों ने उनके खिलाफ तीखी टिप्पणी की है।


Tags
Special Coverage News

Special Coverage News

    Next Story