भोपाल

कमलनाथ कैबिनेट में हो सकता है बड़ा फेरबदल, इन मंत्रियों की हो सकती है छुट्टी

Special Coverage News
23 Sep 2019 11:08 AM GMT
कमलनाथ कैबिनेट में हो सकता है बड़ा फेरबदल, इन मंत्रियों की हो सकती है छुट्टी
x
दीपक बाबरिया ने चेतावनी दी है कि वे व्यक्तिगत और राजनीतिक संबंधों में भेद करने की समझ दिखाएं। जिन मंत्रियों को यह समझ नहीं है, वे मंत्री बनने लायक नहीं हैं।

भोपाल। मध्य प्रदेश में कमलनाथ कैबिनेट में बड़े फेरबदल की अटकलें एक बार फिर तेज़ हो गईं हैं। राजधानी आए प्रदेश प्रभारी दीपक बावरिया ने बैठक में मंत्रियों को फटकार भी लगाई थी। उन्होंने संकेत दिए है कि अक्टूबर में कैबिनेट में फेरबदल हो सकता है। भाजपा कार्यकर्ता को उपकृत करने वाले मंत्रियों पर गाज गिर सकती है, सूत्रों के मुताबिक इसके दायरे में दो मंत्री आ सकते हैं, वहीं ख़राब परफॉर्मेंस पर भी कुछ मंत्रियों को बाहर का रास्ता दिखाया जा सकता है। वहीं लम्बे समय से मंत्री बनने के लिए जोर लगा रहे विधायकों को साधने मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है।

मंत्रियों की कार्यशैली से नाराज बावरिया ने साफ़ किया है कि मंत्रियों के दस महीने के कामकाज का पूरा आंकलन किया जाएगा। साथ ही दस महीने में जो मंत्री पार्टी लाइन पर ठीक नहीं उतरा उसे बाहर का रास्ता दिखाया जा सकता है। लेकिन कैबिनेट से पहले प्रदेश अध्यक्ष के पेंच अभी तक फंसा है। कहा जा रहा है प्रदेश अध्यक्ष का फैसला पहले लिया जाएगा। जिसके बाद ही मंत्रीमंडल में बदलाव संभाव है। लोकसभा चुनाव के बाद से ही कमलनाथ मंत्रीमंडल में फेरबदल को लेकर अटकलें चल रही हैं। इस बीच कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष तय नहीं होने के चलते मामला अटक गया था।

शुक्रवार को मानस भवन में आयोजित बैठक में दीपक बावरिया ने मुख्यमंत्री कमलनाथ के सामने कांग्रेस नेताओं और मंत्रियों की अनुशासनहीनता और बयानबाजी को लेकर जमकर फटकार लगाई। बावरिया ने अपने मंत्रियों की राजनीतिक समझ पर भी सवाल उठाए। दीपक बावरिया ने मंच से ही मंत्रियों को चेताते हुए कहा कि अनुशासन का पालन नहीं करने पर कार्रवाई होगी। पार्टी लाइन से बाहर जाने की किसी को इजाजत नहीं है। बाहर कुछ भी बयानबाजी न करें। विरोध ही करना है तो भाजपा और उनके नेताओं का करो। बावरिया ने किसी मंत्री का नाम लिए बिना ये बात कही। इस दौरान मुख्यमंत्री कमलनाथ समेत प्रदेश के दिग्गज कांग्रेस नेता बैठक में मौजूद थे।

दीपक बाबरिया ने चेतावनी दी है कि वे व्यक्तिगत और राजनीतिक संबंधों में भेद करने की समझ दिखाएं। जिन मंत्रियों को यह समझ नहीं है, वे मंत्री बनने लायक नहीं हैं। अगर किसी मंत्री ने भाजपा कार्यकर्ता को उपकृत किया तो वे उसे सोनिया गांधी के सामने खड़ा करा देंगे और मंत्रिमंडल विस्तार में उसका मंत्री पद छिन सकता है।

Tags
Special Coverage News

Special Coverage News

    Next Story