भोपाल

मध्यप्रदेश में बीजेपी विधायक बोले, हमारे नेता की हो रही है बेइज्जती

Shiv Kumar Mishra
8 July 2020 6:50 AM GMT
मध्यप्रदेश में बीजेपी विधायक बोले, हमारे नेता की हो रही है बेइज्जती
x
अजय विश्नोई ने शिवराज सिंह चौहान का नाम किए बिना कहा इस अपमान से भाजपा का नुकसान हो सकता है

भोपाल। मप्र भाजपा के वरिष्ठ नेता और विधायक अजय विश्नोई ने आज एक गंभीर बयान देकर पार्टी में हड़कंप मचा दिया है। विश्नोई ने ट्वीटर पर लिखा है कि मंत्रिमंडल में मंत्रियों के चयन और विभाग वितरण को लेकर हमारे नेता की बेइज्जती हो रही है। इससे कहीं पार्टी का नुकसान न हो जाए। विश्नोई का नाम मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले विधायकों में लिया जा रहा था, लेेकिन सिंधिया समर्थकों के कारण वे मंत्री नहीं बन पाए।

मंत्रिमंडल विस्तार के बाद अजय विश्नोई ने यह तीसरा और करारा बयान जारी किया है। उन्होंने ट्वीटर पर लिखा है कि 'पहले मंत्रियों की संख्या और अब विभागों का बंटवारा, मुझे डर है कहीं भाजपा का आम कार्यकर्ता हमारे नेता की इतनी बेइज्जती से नाराज न हो जाए। नुकसान हो जाएगा।

विश्नोई ने इसके पहले जबलपुर से किसी को मंत्री न बनाने को लेकर बयान दिया था कि विंध्य और महाकौशल की उपेक्षा ठीक नहीं है। अब मुख्यमंत्री को यहां का प्रभार संभालना चाहिए। इसके बाद उन्होंने एक बयान में कहा था कि सिंधिया समर्थक मंत्री जब तक विधायक न चुन जाए तब तक उन्हें विभाग नहीं सौंपने चाहिए।

शाम तक मिल सकते है मंत्रियों को विभाग

मप्र में नए मंत्रियों को विभागों का वितरण आज शाम तक होने की संभावना है। विभाग वितरण के बाद कल गुरुवार को मंत्रिमंडल की बैठक होगी जिसमें बजट और राजस्व संशोधन के मुद्दों पर निर्णय लिये जाएंगे।

नए मंत्रियों की शपथ को 6 दिन हो गए हैं लेकिन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान विभाग वितरण नहीं कर पाए हैं। खबर है कि बुधवार शाम तक मंत्रियों को विभागों का वितरण कर दिया जाएगा। बताया जाता है कि भाजपा के केन्द्रीय नेतृत्व ने सिंधिया समर्थक 14 मंत्रियों के विभाग तय कर दिए हैं। शेष मंत्रियों के विभागों का चयन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को स्थानीय पार्टी नेताओं से विचार-विमर्श कर करना है।

मंगलवार को दिल्ली से लौटने के बाद शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा और संगठन महामंत्री सुहास भगत के साथ विचार-विमर्श किया है। विभाग वितरण की प्रस्तावित सूची प्रभारी उपाध्यक्ष विनय सहस्रबुद्धे को भेज दी गई है। उम्मीद है कि आज शाम तक दिल्ली से हरी झंडी मिलते ही विभागों का वितरण कर दिया जाएगा।

Next Story