भोपाल

मध्यप्रदेश में मंत्रियों की संख्या पर फंसा पेंच, शाह के बाद नड्डा से मिले सिंधिया

Shiv Kumar Mishra
18 April 2020 6:17 AM GMT
मध्यप्रदेश में मंत्रियों की संख्या पर फंसा पेंच, शाह के बाद नड्डा से मिले सिंधिया
x
कोरोना के मद्देनजर शिवराज के साथ प्रदेश पार्टी अध्यक्ष वीडी शर्मा और संगठन महामंत्री सुहास भगत चाहते हैं कि छोटा मंत्रिमंडल बने, जिससे कामकाज सुचारू रूप से चल सके।

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के मंत्रिमंडल गठन में मंत्रियों की संख्या को लेकर पेंच फंस गया है। कोरोना के मद्देनजर शिवराज के साथ प्रदेश पार्टी अध्यक्ष वीडी शर्मा और संगठन महामंत्री सुहास भगत चाहते हैं कि छोटा मंत्रिमंडल बने, जिससे कामकाज सुचारू रूप से चल सके।

हालांकि ज्योतिरादित्य सिंधिया चाहते हैं कि जब भी मंत्रिमंडल बने उनके सभी लोगों को उसमें शामिल किया जाए। इसे लेकर सिंधिया ने गुरुवार को गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी और शुक्रवार को उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के सामने भी यही बात दोहराई। संख्या को लेकर अब फैसला नड्डा को लेना है।

यदि सिंधिया की बात मानी जाती है तो पहली सूची में तुलसी सिलावट के साथ गोविंद सिंह राजपूत, प्रद्युम्न सिंह तोमर, इमरती देवी, महेंद्र सिंह सिसोदिया और प्रभुराम चौधरी के नाम शामिल होंगे। इसके अलावा कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए वरिष्ठ नेता बिसाहूलाल सिंह, एंदल सिंह कंसाना और राज्य वर्धन दत्तीगांव के साथ ही हरदीप सिंह डंग के बारे में भाजपा को सोचना होगा।

शिवराज, वीडी शर्मा और सुहास भगत ने सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद केंद्रीय नेतृत्व को इस बारे में अवगत करा दिया गया है। शनिवार को नड्डा संख्या को लेकर स्थिति साफ कर सकते हैं।

सिंधिया खेमे के पूर्व मंत्री बोले- मंत्रिमंडल में मिलनी चाहिए जगह:

मंत्रिमंडल गठन की सुगबुगाहट के बीच ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक और कमलनाथ सरकार में मंत्री रहे सभी मंत्रियों को मंत्रिमंडल में स्थान मिलने की उम्मीद है। हालांकि उनका कहना है कि उन्हें अभी इसके बारे में कोई सूचना नहीं है लेकिन वे खुलकर कह रहे हैं कि जिन छह मंत्रियों ने मंत्री पद छोड़ा उन्हें शिवराज के मंत्रिमंडल में जगह मिलनी चाहिए।

Next Story