महाराष्ट्र

Live : महाराष्ट्र की सियासत में एक और ट्विस्ट : एकनाथ शिंदे होंगे महाराष्ट्र के नए मुख्‍यमंत्री, नड्डा बोले- डिप्टी CM बनें फडणवीस

Arun Mishra
30 Jun 2022 1:59 PM GMT
Live : महाराष्ट्र की सियासत में एक और ट्विस्ट : एकनाथ शिंदे होंगे महाराष्ट्र के नए मुख्‍यमंत्री, नड्डा बोले- डिप्टी CM बनें फडणवीस
x
फडणवीस और शिंदे की राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात के बाद यह घोषणा की गई.

Maharastra Politics LIVE : शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री होंगे. वे अब से कुछ देर बाद शपथ ग्रहण करेंगे. भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने आज यह जानकारी दी. फडणवीस और शिंदे की राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात के बाद यह घोषणा की गई. अब तक कयास लगाये जा रहे थे कि एकनाथ के नेतृत्व वाले बागी शिवसेना विधायकों के समर्थन से फडणवीस तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे लेकिन फडणवीस के ऐलान ने हर किसी को हैरान कर दिया.

जेपी नड्डा बोले- फडणवीस को डिप्टी सीएम बनना चाहिए

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व ने फैसला किया है कि देवेंद्र फडणवीस को सरकार का हिस्सा बनना चाहिए। इसलिए, उनसे व्यक्तिगत अनुरोध किया और केंद्रीय नेतृत्व ने कहा है कि देवेंद्र फडणवीस को महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम के रूप में कार्यभार संभालना चाहिए। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि एकनाथ शिंदे जी और देवेंद्र फडणवीस जी को बधाई। आज ये सिद्ध हो गया कि BJP के मन में कभी मुख्यमंत्री पद की लालसा नहीं थी। 2019 के चुनाव में स्पष्ट जनादेश माननीय नरेंद्र मोदी जी एवं देवेंद्र जी को मिला था। उद्धव ठाकरे ने CM पद के लालच में हमारा साथ छोड़कर विपक्ष के साथ सरकार बनाई थी। भाजपा ने महाराष्ट्र की जनता की भलाई के लिए बड़े मन का परिचय देते हुए एकनाथ शिंदे जी का समर्थन करने का निर्णय किया। श्री देवेन्द्र फडणवीस जी ने भी बड़े मन दिखाते हुए मंत्रिमंडल में शामिल होने का निर्णय किया है, जो महाराष्ट्र की जनता के प्रति उनके लगाव को दर्शाता है। भाजपा ने ये निर्णय लेकर एक बार फिर साबित कर दिया है कि कोई पद पाना हमारा उद्देश्य नहीं है अपितु नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश और महाराष्ट्र की जनता की सेवा करना हमारा परम लक्ष्य है।

देवेंद्र फडनवीस जी ने बड़ा मन दिखाया- अमित शाह

अमित शाह ने ट्वीट किया कि भाजपा अध्यक्ष श्री जेपी नड्डा जी के कहने पर श्री देंवेंद्र फडनवीस जी ने बड़ा मन दिखाते हुए महाराष्ट्र राज्य और जनता के हित में सरकार में शामिल होने का निर्णय लिया है। यह निर्णय महाराष्ट्र के प्रति उनकी सच्ची निष्ठा व सेवाभाव का परिचायक है। इसके लिए मैं उन्होंने हृदय से बधाई देता हूं। देवेंद्र फडणवीस ने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के अनुरोध पर महाराष्ट्र सरकार में शामिल होने का फैसला किया।

बालासाहेब के हिंदुत्व और विकास कार्यों के लिए प्रतिबद्ध हैं- महाराष्ट्र के मनोनीत सीएम एकनाथ शिंदे

देवेंद्र फडणवीस द्वारा मुख्यमंत्री बनाए जाने के बाद एकनाथ शिंदे ने कहा कि हमने जो निर्णय लिया है वह बालासाहेब के हिंदुत्व और हमारे विधायकों के निर्वाचन क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए प्रतिबद्ध है। हमारे साथ 50 विधायक हैं। हम अपने निर्वाचन क्षेत्र की शिकायतों और विकास कार्यों के साथ पूर्व सीएम ठाकरे के पास गए और उन्हें सुधार की आवश्यकता पर सलाह दी क्योंकि हमें यह एहसास होने लगा कि हमारे लिए अगला चुनाव जीतना मुश्किल होगा। हमने भाजपा के साथ स्वाभाविक गठबंधन की मांग की। महाराष्ट्र के मनोनीत सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा कि शिवसेना के 40 विधायकों समेत कुल 50 विधायक हमारे साथ हैं। उनकी मदद से हमने अब तक यह लड़ाई लड़ी है। इन 50 लोगों ने मुझ पर जो भरोसा किया है, मैं उस पर एक खरोंच भी नहीं पड़ने दूंगा। उस भरोसे को तोडने की बात तो दूर है।

Next Story