मुम्बई

घूस मत दो, रिश्वत मत लो, घूसखोरी की शिकायत के लिए नई फोन सेवा शुरू

R R Yadav
29 Oct 2018 11:20 AM GMT
घूस मत दो, रिश्वत मत लो, घूसखोरी की शिकायत के लिए नई फोन सेवा शुरू
x


मुंबई, 29 अक्टूबर । ठाणे जिला में स्थानीय प्रशासन और राज्य सरकार की ओर स नई पहल शुरू की गई है। भ्रष्टाचार निरोधक विभाग (एसीबी) की ओर से ठाणे जिले में संचालित होनेवाले सभी प्रशासकीय विभागों और राज्य सरकार के अधीन कार्यरत विभागों, सहकारी संस्थाओं एवं स्वायत्त संस्थाओं के साथ ही आम जनता से भ्रष्टाचार से लड़ने और रोकथाम करने में विभाग की मदद करने की अपील की गई है। ठाणे एसीबी की ओर से 'घूस मत दो, रिश्वत मत लो' की टैग लाइन से जनजागृति अभियान चलाया जा रहा है, जिसकी शुरुआत सोमवार से हो गई है। विभाग की ओर से 1064 क्रमांक की नई हेल्पलाइन सेवा भी शुरू की गई है।

ठाणे जिले में भ्रष्टाचार निर्मूलन के लिए एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की ओर से जनजागृति कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है। ठाणे जिले में सोमवार 29 अक्टूबर से 3 नवंबर तक भ्रष्टाचार निमूर्लन के लिए दक्षता जनजागृति सप्ताह आयोजित किया गया है। इसके साथ ही एसीबी के अधिकारियों की मौजूदगी में सरकारी, अर्ध सरकारी और जिला व राज्य सरकारों के अधीन काम करनेवाले सरकारी विभाग के कर्मचारियों को भ्रष्टाचार विरोधी मुहिम में सक्रिय योगदान देने के लिए संबंधित कार्यालयों में शपथ दिलाई जाएगी।

एसीबी की ओर से बताया गया कि रिश्वतखोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए विभाग की ओर से 1064 क्रमांक की नई हेल्पलाइन सेवा भी शुरू की गई है। भ्रष्टाचार निर्मूलन के लिए दक्षता जनजागृति सप्ताह के बारे में जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। जनजागृति सप्ताह के दौरान कार्यालयों में रोजाना नए संदेशों के साथ फलक लगाना अनिवार्य किया गया है। स्कूलों और कॉलेजों में भी भ्रष्टाचार को लेकर विद्यार्थियों को जागरूक किया जाएगा और भ्रष्टाचार से होनेवाले नुकसान और विकास की हानि के बारे में जानकारी देने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। फिल्म थियेटर्स, नाटकघरों और सार्वजनिक स्थानों पर भी भ्रष्टाचार विरोधी जनजागृति अिभयान से आम लोगों को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। यह जानकारी भ्रष्टाचार प्रतिबंधक विभाग के पुलिस अधीक्षक डॉ. महेश पाटील ने दी।

एसीबी के प्रमुख पाटील ने कहा कि सोमवार से सभी अधिकारियों ने भ्रष्टाचार निर्मूलन के लिए शपथ लेकर कामकाज की शुरुआत की है। सभी प्रमुख सरकारी कार्यालयों में बैठक आयोजित कर घूसखोरी के संदर्भ में जानकारी हासिल की जाएगी। एसीबी की ओर से घूसखोरी रोकने के लिए किए गए उपायों, दोषी लोगों के खिलाफ की गई कार्रवाई, कानूनी प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी मुहैया कराई जा रही है। गैर सरकारी संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं के साथ ही आम जनता को भी इस मुहिम में शामिल होने की अपील की गई है। उन्होने कहा कि नई हेल्पलाइन के साथ ही spacbthane@mahapolice.gov.in नाम से एक ईमेल एड्रेस भी बनाया गया है, जिस पर लोग घूसखोरी की शिकायतों को दर्ज करा सकते हैं। भ्रष्टाचार निर्मूलन के लिए दक्षता जनजागृति सप्ताह ठाणे जिले के साथ ही नवी मुंबई, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग समेत राज्य के कई जिलों में आय़ोजित किए जाएंगे।

Next Story