
- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पत्नी की सुंदरता से...

नई दिल्ली
हमारा समाज एक और शर्मनाक मामला सामने आया है। एक व्यक्ति को डर था कि उसकी खूबसूरत पत्नी पर उसके शहर के लोगों की गंदी नजर पड़ सकती है, इसलिए उसने पत्नी का चेहरा ही खरोंच दिया। यही व्यक्ति खुद मुंबई में दूसरों पर गंदी नजर रखता था। राज रायकवार नामक इस व्यक्ति पर मुंबई में रेप और मॉलेस्टेशन के दो मामले दर्ज हुए हैं।
प्रताड़ना और दहेज का मामला दर्ज
उसे डर था कि मुंबई में उसके रहने की वजह से जबलपुर में लोगों की उसकी खूबसूरत पत्नी पर गंदी नजर पड़ सकती है। इसीलिए उसने लोहे के उस स्टैंड, जिस पर मच्छर मारनेवाली क्वॉइल रखी जाती है, उससे पत्नी का मुंह एक दिन बुरी तरह खरोंच दिया। पत्नी ने उसके खिलाफ वहां प्रताड़ना और दहेज का मामला दर्ज करवाया हुआ है।
राज रायकवार को दो दिन पहले एक नए केस में मुंबई क्राइम ब्रांच ने एक नाबालिग के साथ रेप करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। सीनियर इंस्पेक्टर संजय सालुंके के अनुसार, हमने उस पर पॉक्सो ऐक्ट भी लगाया है। मामला मुंबई के सहार इलाके का है। राज जिस इलाके में रहता था, उसी इलाके में 9 साल की एक बच्ची का भी घर है। बच्ची बीमार थी और मां की गोद में थी। वह रो रही थी।
राज ने उसे फ्रूटी दिलवाने के बहाने गोद में लिया और अपने घर ले गया। वहां वह जैसे ही बच्ची के साथ गंदी हरकते करने की कोशिश कर रहा था, उसे पकड़ लिया गया। जब उसकी पृष्ठभूमि पता की गई, तब जबलपुर का केस तो सामने आया ही, पता चला कि उसके खिलाफ गोरेगांव में भी मॉलेस्टेशन का केस दर्ज हुआ है।
डबल कमाई
क्राइम ब्रांच के एक अधिकारी का कहना है कि राज रायकवार पेशे से ड्राइवर है। बॉलिवुड में जिन गाड़ियों में शूटिंग के लिए कैमरा लाया व ले जाया जाता है, वह उन गाड़ियों को ड्राइव करता है। इसके अलावा शूटिंग के लिए जो सेट बनते हैं, उसकी डिजाइनिंग वगैरह का भी वह काम करता है। उसकी पत्नी पढ़ी-लिखी है और पेशे से टीचर है।