
- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई में अर्णब...
मुंबई में अर्णब गोस्वामी पर दो लोगों ने हमला करने की कोशिश की, स्याही भी फेंकी; शिकायत दर्ज

मुंबई : रिपब्लिक टीवी के एडिटर इन चीफ और एंकर अर्णब गोस्वामी पर मुंबई में बुधवार देर रात दो लोगों ने हमला करने की कोशिश की। जब वे इसमें नाकाम रहे तो कार पर स्याही फेंक दी। घटना के वक्त उनकी पत्नी समिया गोस्वामी भी साथ थीं। इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज की गई।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हमला गणपतराव कदम मार्ग पर उनके घर से महज 500 मीटर की दूरी पर किया गया। अर्णब कार ड्राइव कर रहे थे। शिकायत के मुताबिक, हमलावर अर्णब की गाड़ी के आगे आए। कार के शीशे को तोड़ने की कोशिश की। जब वे कामयाब नहीं हुए तो उन्होंने कार पर स्याही फेंक दी। उधर, सूचना और प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि हम अर्णब गोस्वामी पर हमले की कोशिश की निंदा करते हैं। अगर इस मामले में शिकायत हुई है तो पुलिस को मौजूदा कानून के मुताबिक कार्रवाई करनी चाहिए।
#BREAKING | Arnab's message after being physically attacked by Congress goons #SoniaGoonsAttackArnab https://t.co/RZHKU3fdmK pic.twitter.com/SdAvoerhIH
— Republic (@republic) April 22, 2020
#SoniaGoonsAttackArnab | कांग्रेस के गुंडो ने अर्नब गोस्वामी के कार पर किया हमला, हमले के वक्त पत्नी भी थीं साथ https://t.co/SDGVEbc7RS pic.twitter.com/agIRoPUlqn
— रिपब्लिक.भारत (@Republic_Bharat) April 22, 2020
सोनिया गांधी को लेकर की थी आपत्तिजनक टिप्पणी
अर्णब ने आचार्य प्रमोद कृष्णन से कहा कि अगर किसी पादरी की हत्या होती तो आपकी पार्टी और आपकी पार्टी की 'रोम से आई हुई इटली वाली' सोनिया गांधी बिलकुल चुप नहीं रहतीं। अर्णब ने कहा, "सोनिया गांधी तो खुश हैं। वो इटली में रिपोर्ट भेजेंगी कि देखो, जहां पर मैंने सरकार बनाई है, वहां पर हिन्दू संतों को मरवा रही हूं। वहां से उन्हें वाहवाही मिलेगी। लोग कहेंगे कि वाह, सोनिया गांधी ने अच्छा किया। इन लोगों को शर्म आनी चाहिए। क्या उन्हें लगता है कि हिन्दू चुप रहेंगे? आज प्रमोद कृष्णन को बता दिया जाना चाहिए कि क्या हिन्दू चुप रहेंगे? पूरा भारत भी यही पूछ रहा है। बोलने का समय आ गया है।"
इस बीच, नागपुर में अर्णब के खिलाफ दंगा उकसाने के आरोप में एक केस दर्ज किया गया है। महाराष्ट्र के ऊर्जा मंत्री नितिन राउत ने अर्णब की गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने ट्वीट में लिखा, ' कुछ मीडिया हाउस हमेशा नफरत फैलाने के लिए तैयार रहते हैं और अपने टीवी चैनलों के जरिए समाज को बांटते हैं।'
एडिटर गिल्ड ऑफ इंडिया से इस्तीफा दे चुके हैं अर्णब
अर्णब गोस्वामी ने हाल ही में एक लाइव शो के दौरान ही एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया से त्यागपत्र दे दिया था। अर्णब ने अपने इस्तीफे के लिए एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया के गिरते हुए मूल्यों को जिम्मेदार बताया था। उन्होंने कहा था, "एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया ने व्यक्तिगत पूर्वग्रहों के लिए नैतिकता से समझौता किया है। वह काफी लंबे वक्त से एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया के सदस्य हैं, लेकिन अब यह मात्र कुछ लोगों का समूह है, जिनमें फेक खबरों को फेक कहने का दम नहीं है।'