Archived

मोदी के 'प्रभु' ने गतिमान एक्सप्रेस' को दिखाई हरी झंडी, अब दिल्ली से आगरा मात्र 100 मिनट में

Special News Coverage
5 April 2016 6:38 AM GMT
gatimaan express launch


नई दिल्ली : देश की सबसे तेज रफ्तार ट्रेन गतिमान एक्सप्रेस की आज से शुरुआत हो गई। देश की इस पहली सेमी हाईस्पीड ट्रेन को रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने हजरत निजामुद्दीन स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। गतिमान एक्सप्रेस दिल्ली से आगरा के बीच चलेगी। यह ट्रेन 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेगी और 100 मिनट में 200 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।

रेल मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक हम विमान की तरह अच्छी सेवा देने का प्रयास कर रहे हैं। विमान की तरह गतिमान में ट्रेन होस्टेस होंगी और इसमें कैटरिंग सर्विस भी एयरलाइंस की तरह होगी। गतिमान एक्सप्रेस शुक्रवार को छोड़कर सप्ताह में 6 दिन चलेगी। ऐसा इसलिए, क्योंकि शुक्रवार को ताजमहल बंद रहता है।

gatimaan express2

गतिमान एक्सप्रेस (12050) हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से सुबह 8.10 बजे चलेगी। यह आगरा कैंट स्‍टेशन पर सुबह 9.50 बजे पहुंचेगी। इस दौरान कहीं भी यह ट्रेन नहीं रुकेगी। ट्रेन (12049 नंबर) शाम 5.50 बजे आगरा कैंट से रवाना होकर शाम 7.30 बजे हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्‍टेशन पहुंचेगी। इसका किराया 690 रुपये तय किया गया है। एक्जिक्यूटिव श्रेणी के लिए यह किराया 1365 रुपये होगा।

gatimaan express1

गतिमान एक्सप्रेस में हाई-पावर इमरजेंसी ब्रेक, ऑटोमैटिक फायर अलार्म, जीपीएस आधारित पैसेंजर इंफॉर्मेशन सिस्टम और कोच में स्लाइडिंग दरवाजे जैसी सुविधाएं होंगी। इंफोटेनमेंट के लिए ट्रेन में लाइव टीवी सर्विस उपलब्ध कराई जाएगी।

गतिमान एक्सप्रेस में भारतीय और महाद्वीपीय व्यंजन मिलेंगे। इसके मेन्यू में गेहूं का उपमा, मिनी डोसा, कांजीवरम इडली, फ्रेश फ्रूट्स, स्विस रोल के साथ आलू कुलचा, रोस्टेड ड्राई फ्रूट्स और चिकान रोल सर्व किया जाएगा। चिकेन सॉस के साथ स्पेनिश एग ऑमलेट और अखरोट स्लाइस केक बोन चाइना क्रॉकरी में सर्व किए जाएंगे।

gatimaan express
Next Story