Archived

केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू बोले- सभी देशवासी चाहते हैं राम मंदिर बने

Special News Coverage
23 Dec 2015 12:37 PM GMT
Venkaiah Naidu RAm Mandir



नई दिल्ली : अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए पत्थर लाए जाने की खबरों पर मच रहे बवाल के बीच केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू ने बुधवार को इसके समर्थन में बड़ा बयान दिया। नायडू ने कहा कि सभी देशवासी अयोध्या में राम मंदिर देखना चाहते हैं।

संसद के शीतकालीन सत्र के समापन के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए एक सवाल के जवाब में नायडू ने कहा, 'सभी देशवासी राममंदिर चाहते हैं।'

संसद में भी उठा मुद्दा :
बुधवार को राज्यसभा की कार्यवाही शुरू होते ही जेडीयू के नेता के.सी. त्यागी ने अयोध्या में प्रस्तावित राम मंदिर के निर्माण के लिए पत्थर पहुंचाने और उसे तराशने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि अयोध्या में साम्प्रदायिक तनाव फैलाया जा रहा है। इस पर सरकार ने कहा कि वह इस मामले में अदालत के आदेशों से बंधी है। त्यागी ने कहा, 'अयोध्या में एक बार फिर वैसी ही स्थिति बनाई जा रही है, जैसी पहले थी. तनाव भड़काया जा रहा है।

वहीं, इसका जवाब देते हुए केंद्रीय संसदीय कार्य राज्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि उनकी पार्टी इस मामले में कोर्ट के आदेशों का अनुपालन करने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा, 'पत्थरों को 1990 से ही पॉलिश किया जा रहा है और जिस स्थान पर ऐसा किया जा रहा है, वह विवादित स्थल से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर है। दूसरा, सरकार और पार्टी (बीजेपी) दोनों का मानना है कि अदालत के निर्णय का सम्मान किया जाना चाहिए और हम ऐसा करेंगे।'


दरअसल, छह महीने पहले देशभर से पत्थर इकट्ठा करने का राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू किया गया था। इसी के तहत जमा किए किए पत्थरों से लदे दो ट्रकों ने रविवार को शहर में प्रवेश किया है। इसी को लेकर एक बार फिर से राम मंदिर निर्माण के मुद्दे को हवा मिल गई है। हालांकि, राम मंदिर का मुद्दा अभी सुप्रीम कोर्ट में विचारधीन है पत्थर लाने के बाद जिला पुलिस सतर्क हो गई है और हालात पर नजर रख रही है।
Next Story