राष्ट्रीय

Amethi Lok Sabha Seat: अमेठी में कांग्रेस को बड़ा झटका, राहुल के करीबी BJP में शामिल, कांग्रेस उम्मीदवार अब तक तय नहीं

Special Coverage Desk Editor
18 April 2024 10:51 AM GMT
Amethi Lok Sabha Seat: अमेठी में कांग्रेस को बड़ा झटका, राहुल के करीबी BJP में शामिल, कांग्रेस उम्मीदवार अब तक तय नहीं
x
Amethi Lok Sabha Seat: लोकसभा चुनाव 2024 की गहमागहमी के बीच कांग्रेस पार्टी को अमेठी में एक बड़ा झटका लगा है।

Amethi Lok Sabha Seat: लोकसभा चुनाव 2024 की गहमागहमी के बीच कांग्रेस पार्टी को अमेठी में एक बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस के प्रदेश सह समन्वयक और राहुल गांधी के करीबी विकास अग्रहरि गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की मौजूदगी में पार्टी में शामिल हो गए। भाजपा जिलाध्यक्ष राम प्रसाद मिश्र ने विकास अग्रहरि को पार्टी में शामिल कराया। एक तरफ जहां कांग्रेस यहां अब तक अपना उम्मीदवार भी तय नहीं कर पाई है, राहुल के करीबी का बीजेपी में जाना कांग्रेस के लिए एक बड़ा झटका है।

जानकारी के अनुसार, विकास अग्रहरि जगदीशपुर के रहने वाले हैं और कांग्रेस ने उन्हें प्रदेश सह-समन्यवक बनाया था। विकास अग्रहरि की गिनती राहुल गांधी के करीबी लोगों में होती थी। वे अमेठी में राहुल गांधी के चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी संभालते थे। भाजपा के एक नेता ने बताया कि जगदीशपुर विधानसभा क्षेत्र के रानीगंज निवासी विकास अग्रहरि को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश सह समन्वयक बनाया था। लेकिन, उन्होंने दीदी स्मृति व भाजपा में अपना विश्वास जताते हुए पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है।

विकास ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण करते हुए कहा कि दीदी स्मृति की अगुवाई में अमेठी हर क्षेत्र में तेजी से विकास कर रही है। अमेठी में 26 अप्रैल से नामांकन शुरू होगा। भाजपा की स्मृति जुबिन ईरानी चुनाव मैदान में हैं, लेकिन उनके सामने कांग्रेस से कौन होगा, यह अभी तक तय नहीं हो सका है।

अमेठी से चुनाव लड़ने के सवाल पर बुधवार को गाजियाबाद में राहुल गांधी ने एक बार फिर सीधे तौर पर कुछ नहीं कहा, सिर्फ यह कहा कि मुझे जो भी आदेश मिलेगा मैं उसका पालन करूंगा। हमारी पार्टी में ये सभी (उम्मीदवारों के चयन) निर्णय सीईसी द्वारा लिए जाते हैं। इस जवाब ने एक बार फिर अमेठी की सियासत को उलझा दिया है। 2029 लोकसभा चुनाव में अमेठी में भाजपा उम्मीदवार स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी को पटखनी देकर हर किसी को चौंका दिया था। हालांकि, राहुल केरल के वायनाड से जीतने में कामयाब रहे थे। इस बार भी वह वायनाड से चुनाव लड़ रहे हैं।

Special Coverage Desk Editor

Special Coverage Desk Editor

    Next Story