राष्ट्रीय

आडवाणी के बाद मुरली मनोहर जोशी का भी कटा टिकट, खफा जोशी ने कहा- 'नहीं करूंगा ऐलान'

Special Coverage News
26 March 2019 5:00 AM GMT
आडवाणी के बाद मुरली मनोहर जोशी का भी कटा टिकट, खफा जोशी ने कहा- नहीं करूंगा ऐलान
x
जब पार्टी की ओर से संगठन महासचिव रामलाल ने उन्हें इस बात की जानकारी दी तो इस पर वह खफा हो गए?

नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अब वरिष्ठ पार्टी नेता मुरली मनोहर जोशी का भी टिकट काट दिया है। जानकारी के मुताबिक, लालकृष्ण आडवाणी के बाद अब कानपुर से भाजपा सांसद रहे डा. मुरली मनोहर जोशी का टिकट भी काट दिया है। वहीं, मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जब पार्टी की ओर से संगठन महासचिव रामलाल ने उन्हें इस बात की जानकारी दी तो इस पर वह खफा हो गए।

दरअसल, सोमवार को बीजेपी के संगठन महासचिव रामलाल ने बीजेपी के वरिष्ठ नेता मुरली मनहोर जोशी जोशी से मुलाकात की थी। रामलाल ने मुरली मनोहर जोशी से कहा कि पार्टी ने डिसाइड किया है कि आपको चुनाव नहीं लड़वाया जाए। रामलाल ने कहा कि पार्टी चाहती है कि आप पार्टी ऑफिस आकर चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान करें।

हालांकि, पार्टी की इस अपील को मुरली मनोहर जोशी ने सीधे तौर पर नकार दिया. जोशी ने कहा कि ये पार्टी के संस्कार नहीं हैं, अगर हमें चुनाव ना लड़वाने का फैसला हुआ है तो कम से कम पार्टी अध्यक्ष अमित शाह को हमें आकर सूचित करना चाहिए। मुरली मनोहर जोशी ने साफ कहा कि वह पार्टी दफ्तर आकर इसकी घोषणा नहीं करेंगे।

कानपुर नगर संसदीय क्षेत्र से डॉ. जोशी ने पिछले चुनाव में 2.22 लाख से ज्यादा मतों के अंतर से जीत दर्ज की थी। उनको 4.74 लाख वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस के श्रीप्रकाश जायसवाल 2.51 लाख वोट हासिल कर सके थे। इधर पिछले तीन महीने में उन्होंने शहर में कई योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी किया था। इससे उनके दोबारा चुनाव लड़ने की संभावना जताई जा रही थी। दो दिन पहले डॉ. जोशी के कानपुर दौरे का कार्यक्रम भी जारी किया गया था। उन्हें यहां के प्रसिद्ध गंगा मेले में शामिल होना था। अब यह दौरा स्थगित कर दिया गया है।

चुनाव नहीं लड़ने की औपचारिक सूचना के बाद डॉ. जोशी ने अपने मतदाताओं के लिए पत्र जारी किया। निजी सचिव ललित अधिकारी ने हिन्दुस्तान से बातचीत में यह साफ किया कि पत्र सांसद ने ही जारी किया है। उन्होंने बताया कि संगठन के फैसले के तहत डॉ. जोशी चुनाव नहीं लड़ेंगे।


Next Story