
उत्तर भारत में जारी है शीतलहर, भयंकर कोहरे से आवागमन सुस्त, जानिए आज का मौसम

शीतलहर का कहर जारी है। मौसम विभाग की मानें तो उत्तराखंड, पंजाब, हरियाण और उत्तर प्रदेश में अगले दो दिनों तक घना कोहरा छाया रह सकता है. वहीं, उत्तर प्रदेश, पश्चमी मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड और चंडीगढ़ में आज और कल शीतलहर चल सकती है.
मौसम विभाग की मानें तो उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में हिमालय से आने वाली उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण, अगले दो दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिमी और आसपास के मध्य भारत में न्यूनतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है. इसी कारण से उत्तरी राजस्थान में आज भीषण शीतलहर की स्थिति रह सकती है।
जानिए दिल्ली में मौसम का हाल
मौसम विभाग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, आज यानी 2 जनवरी को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री और अधिकतम तापमान 20 डिग्री दर्ज किया जा सकता है. वहीं, 3 जनवरी को न्यूनतम तापमान 5 डिग्री और अधिकतम तापमान 20 डिग्री दर्ज किया जा सकता है. दिल्ली में 3 जनवरी को घना कोहरा भी छाया रह सकता है. 4 और 5 जनवरी को दिल्ली में शीतलहर चलने के आसार हैं. वहीं, 6 और 7 जनवरी को कोहरा रहेगा।
जानिए यूपी में मौसम का हाल
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आज न्यूनतम तापमान 9 डिग्री और अधिकतम तापमान 17 डिग्री दर्ज किया गया. वहीं, लखनऊ में आज घना कोहरा छाया रह सकता है. लखनऊ में इस पूरे हफ्ते घना कोहरा छाया रह सकता है. वहीं, गाजियाबाद में आज न्यूनतम तापमान 4 डिग्री और अधिकतम तापमान 17 डिग्री दर्ज किया गया. कल भी गाजियाबाद में तापमान में कुछ खास बदलाव नहीं देखा जाएगा. वहीं, गाजियाबाद में कल कोल्ड डे की स्थिति रह सकती है।
इन राज्यों में कोहरा
मौसम विभाग की मानें तो अगले दो से तीन दिनों के बीच हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, ओडिशा, असम और त्रिपुरा में घना कोहरा छाए रहने के आसार हैं. वहीं, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में आज शीतलहर चल सकती है.