
डिफेंस क़ॉलोनी वाले अजय बांगा होंगे वर्ल्ड बैंक चीफ

विवेक शुक्ला वरिष्ठ पत्रकार
अजय बांगा का वर्ल्ड बैंक का चीफ बनना तय हो गया है। वे राजधानी के डिफेंस कॉलोनी वाले हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने मास्टरकार्ड के पूर्व सीईओ अजय बंगा को वर्ल्ड बैंक का प्रमुख नॉमिनेट किया है। वह फिलहाल दुनिया की सबसे बड़ी प्राइवेट इक्विटी फर्मों में से एक जनरल अटलांटिक के वाइस चेयरमैन हैं।
अजय बांगा का बचपन और जवानी डिफेंस कॉलोनी में बीती है। बांगा ने सेंट स्टीफंस कॉलेज से इक्नोमिक्स आनर्स किया था। जाहिर है, उन्होंने यू स्पेशल में सफर अवश्य किया होगा। वे सेंट स्टीफंस कॉलेज में सुखिया की कैंटीन में भी जाते रहे होंगे। उनका परिवार डिफेंस कॉलोनी में गुजरे 60 सालों से रहता है। उनके पिता ने डिफेंस कॉलोनी में घर बनाया था। डिफेंस कॉलोनी में सेना के आला अफसरों ने 1955 के बाद घऱ बनवाए थे। इसे राजधानी की बेहद एलिट कॉलोनी माना जाता है। डिफेंस कॉलोनी को विकसित करने में भाई मोहन सिंह ( रैनबैक्सी) तथा सरदार मोहन सिंह ( प्योर ड्रिक्स) की खास भूमिका रही थी।
अजय के पिता कौन
अजय बांगा के पिता हरभजन सिंह बांगा भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट जनरल पद से रिटायर हुए थे। उन्होंने 1962,1965 और 1971 की जंगों में शत्रु के दांत खट्टे कर दिए थे। वे सेना से रिटायर होने के बाद ट्रक बनाने वाली कंपनी अशोक लेलैंड में भी काम करते रहे। वे चाहते थे कि उनका कम से कम से कम एक पुत्र तो सेना में जाए। पर यह नहीं हुआ। हालांकि दोनों पुत्रों ने शिखर को छुआ। दिल्ली गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सक्रिय सदस्य रहे डॉ.हरमीत सिंह ने बताया कि अजय बांगा का परिवार बहुत आस्थावान सिख है। अजय बांगा जब भी दिल्ली आते हैं, तो वे गुरुद्वारा बंगला साहिब और गुरुद्वारा सीसगंज मत्था टेकने अवश्य जाते हैं। उनका परिवार डिफेंस कॉलोनी गुरुद्वारा की गतिविधियों से जुड़ा हुआ ही है। अजय बांगा के पिता का कुछ साल पहले निधन हो गया था। उनकी भोग और अरदास का कार्यक्रम डिफेंस कॉलोनी गुरुद्वारे में ही आयोजित हुई थी।
कॉरपोरेट जगत के शिखर पर दो भाई
अजय बांगा के बड़े भाई मनविंदर विंदी बंगा भी कॉरपोरेट संसार का महत्वपूर्ण नाम रहे हैं। वे यूनिलीवर के चेयरमेन रहे हैं। वे आईआईटी, दिल्ली और आईआईएम के टॉपर हैं। बांगा बंधुओं को बेहद एग्रसिव सीईओ माना जाता है। उनके कुशल नेतृत्व के चलते उनकी कंपनियों ने बुलंदियों को छुआ। अजय बांगा बेहतरीन मोटिवेशल स्पीकर भी हैं। उनका रणनीति के फलस्वरूप मास्टर कार्ड ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी वीजा कार्ड को पछाड़ दिया । अजय बांगा ने मास्टरकार्ड को मोबाइल पेमेंट के क्षेत्र में पहले नंबर पर पहुंचाया। वे हिन्दी, पंजाबी, इग्लिश के अलावा गुजराती भी बोल लेते हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पिछली अमेरिका यात्रा के समय उनसे फार्च्यून-500 कंपनियों के सीईओज मिले थे। उनमें अजय बांगा भी थे। बांगा को बैंकिंग और फाइनेस की दुनिया का विद्वान माना जाता है। बांगा को अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने अपनी ट्रेड पॉलिसी से जुड़ी सलाहकार टीम में लिया था।
इस बीच, बांगा परिवार का संबंध मूल रूप से तो जालंधर से है। हालांकि बांगा परिवार दिल्ली में बस गया था। अब तो इसके सदस्य सारी दुनिया में है। हालांकि इनका दिल्ली वाला इनका घर अब भी इनके पास ही है।