
Delhi News Hindi: जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में बड़ा हादसा, पंडाल गिरने से आठ लोग घायल; बचाव कार्य जारी

Delhi News Hindi: दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में शनिवार यानी आज दोपहर बहुत बड़ा हादसा हो गया। स्टेडियम के गेट नंबर 2 के एंट्री गेट पर एक पंडाल गिर गया। हादसे के कारण करीब 8 लोग घायल हो गए हैं। इसके कई लोगों कि दबने की आशंका है। पंडाल का मलबा हटाने के लिए क्रेन भी बुलाई गई है।
दक्षिण दिल्ली के डीसीपी ने हादसे के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम के गेट नंबर 2के पास लॉन में काम चल रहा था, जिसका हिस्सा शनिवार दोपहर को ढह गया। हादसे का पता लगने के तुरंत बाद पुलिस और फायर डिपार्टमेंट की टीम मौके पर पहुंच गई है। हादसे में घायल हुए लोगों को अस्पताल ले जाया गया है। फिलहाल राहत और बचाव का काम घटनास्थल पर जारी है।
अग्निशमन विभाग ने बयान जारी कर जानकारी दी है कि उन्हें जेएलएन स्टेडियम में एक अस्थाई संरचना ढहने की सूचना फोन पर मिली। दो लोगों को घटनास्थल से सुरक्षित बाहर निकाला गया है। अन्य विवरणों का इंतजार किया जा रहा है।
वहीं इस हादसे के चश्मदीद एक शख्स ने बताया कि यहां पंडाल का काम चल रहा था। इस दौरान कुछ मजदूर वहां खाना खा रहे थे और अचानक से पंडाल गिर गया जिसकी वजह से वे सभी उसके नीचे दब गए।
