
NDA की तरफ से द्रौपदी मुर्मू होंगी राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार

राष्ट्रपति चुनाव को लेकर एनडीए (NDA) ने अपने उम्मीदवार का एलान कर दिया है. पार्टी ने द्रौपदी मुर्मू (Draupadi Murmu) को उम्मीदवार बनाया है. बीजेपी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि 20 से ज्यादा नाम थे. द्रौपदी मुर्मू एनडीए की उम्मीदवार होंगी. द्रौपदी मुर्मू के सफर के बारे में बात करें तो उन्होंने ओडिशा में पार्षद बनने के साथ राजनीतिक जीवन की शुरूआत की थी।
विपक्ष ने यशवंत सिन्हा को बनाया है राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित संसदीय बोर्ड के अन्य सदस्य संसदीय बोर्ड की बैठक में शामिल हुए. राष्ट्रपति चुनाव के लिए विपक्षी दलों की ओर से संयुक्त उम्मीदवार के रूप में पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा को मैदान में उतारा गया है.
जानिए द्रौपदी मुर्मू का राजनीतिक सफर
20 जून 1958 को जन्मी द्रौपदी मुर्मू ओडिशा में भारतीय जनता पार्टी और बीजू जनता दल गठबंधन सरकार के दौरान, 2000-2002 तक वाणिज्य और परिवहन के लिए स्वतंत्र प्रभार और 6 अगस्त, 2002 से मई तक मत्स्य पालन और पशु संसाधन विकास राज्य मंत्री थीं. वह साल 2000 और 2004 में ओडिशा की पूर्व मंत्री और रायरंगपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक थीं. वह झारखंड की पहली महिला राज्यपाल बनी थीं।
वह राज्यपाल नियुक्त होने वाली ओडिशा की पहली महिला और आदिवासी नेता रही हैं. निर्वाचित होने के बाद द्रौपदी मुर्मू भारत की पहली आदिवासी राष्ट्रपति और दूसरी महिला राष्ट्रपति होंगी. इसके अलावा वे ओडिशा से भी प्रथम राष्ट्रपति होंगी।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को समाप्त होगा
मौजूदा राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को समाप्त हो रहा है. विपक्षी उम्मीदवार के रूप में सिन्हा के नाम की घोषणा के बाद अगले राष्ट्रपति के निर्वाचन के लिए 18 जुलाई को मतदान होना अब तय माना जा रहा है. राष्ट्रपति चुनाव के लिए नामांकन पत्र भरने की प्रक्रिया जारी है. 29 जून नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि है.