
Eid-ul-Fitr 2023: देशभर में ईद का जश्न, दिल्ली-मुंबई की मस्जिदों में उमड़े नमाजी, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

Eid-ul-Fitra 2023: समूचे देश में आज ईद का जश्न है। इस मौके पर लोग एक दूसरे को ईद की मुबारकबाद दे रहे हैं। ईदगाह और मस्जिदों में नमाज पढ़ने के लिए सुबह से ही लोग इकट्ठा हुए। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और पीएम नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को ईद की बधाई दी है।
दिल्ली के जामा मस्जिद के शाही ईमाम और लखनऊ में इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया के मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने शुक्रवार की शाम चांद के दीदार के बाद शनिवार को ईद-उल-फितर का ऐलान किया था।
दिल्ली में डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव आजाद पार्टी के प्रमुख गुलाम नबी आजाद और बीजेपी नेता शाहनवाज हुसैन ईद-उल-फितर के अवसर पर संसद मार्ग मस्जिद में नमाज अदा करने पहुंचे। यहां आजाद और शहनवाज हुसैन ने नमाज पढ़ी। दोनों नेताओं ने देशवासियों को ईद की मुबारकबाद दी है।
मुंबई के माहिम दरगाह में उमड़ी नमाजियों की भीड़
महाराष्ट्र के राज्यपाल रमेश बैस ने लोगों को ईद की मुबारकबाद दी है। शनिवार सुबह मुंबई की माहिम दरगाह में लोगों ने ईद की नमाज अदा की। इसके बाद एक-दूसरे के गले लगकर खुशियां मनाई।
#WATCH दिल्ली: ईद-उल-फितर के मौके पर लोगों ने जामा मस्जिद में नमाज अदा की। #eidulfitr2023 pic.twitter.com/5wFM5gQ1ng
— ANI_HindiNews (@AHindinews) April 22, 2023
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
ईद के मौके पर दिल्ली समेत पूरे देश में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। गृह मंत्रालय ने दिल्ली को अलर्ट भी किया है। संवेदनशील इलाकों में खुफिया एजेंसियां भी मुस्तैद हैं। दिल्ली में मस्जिदों के बाहर दिल्ली पुलिस के अलावा अर्धसैनिक बलों की भी तैनाती की गई है। इससे पहले पीस कमेटियों के साथ बैठक करके शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई है।
