
भारी बारिश से हाहाकार! 19 लोगों की मौत; हिमाचल, पंजाब, दिल्ली में भारी बारिश का अलर्ट, मौसम विभाग ने दी ये चेतावनी

उत्तर भारत के कई हिस्सों में बारिश जारी है। पहाड़ी राज्यों समेत मैदानी इलाकों में बारिश के बाद बाढ़ और भूस्खलन के मामलों में 19 लोगों की मौत हो चुकी है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत पहाड़ी राज्य उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश से बारिश के भयावह दृश्य सामने आ रहे हैं।
कुछ वीडियो में बाढ़ में गाड़ियां बहती दिख रही है तो कुछ में लोग बारिश के पानी में फंसे दिख रहे हैं। कहीं बारिश के पानी के तेज बहाव में पुल धाराशायी होते दिख रहे हैं तो कहीं सड़कें तालाब बनी दिख रही है।
उत्तराखंड और हिमाचल के 10 जिलों में रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के 10 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। दोनों राज्यों की प्रमुख नदियों का जल स्तर खतरे के निशान के पास आ चुका है। दोनों ही पहाड़ी राज्य बाढ़ और भूस्खलन का सामना कर रहे हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक, मंगलवार यानी 11 जुलाई तक उत्तराखंड में और भारी बारिश का अनुमान है। इसके अलावा, दिल्ली में भी आज बारिश की उम्मीद है। दिल्ली सरकार की ओर से बाढ़ की चेतावनी जारी की गई है, क्योंकि हरियाणा ने यमुना नदी में एक लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा है।