राष्ट्रीय

कोरोना :अब तक 1024 मामले, एक दिन में सबसे ज्यादा 179 केस, यहां संक्रमण से 6 लोगों की जान गई

Shiv Kumar Mishra
29 March 2020 2:04 AM GMT
कोरोना :अब तक 1024 मामले, एक दिन में सबसे ज्यादा 179 केस, यहां संक्रमण से 6 लोगों की जान गई
x

नई दिल्ली: देशभर में कोरोनावायरस के अभी तक 1024 मामले सामने आ चुके हैं। शनिवार को कोरोना संक्रमण के 179 नए केस आए। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, यह देश में एक दिन में संक्रमण के सबसे ज्यादा सामने आने वाले मामले हैं। इनमें महाराष्ट्र के 30, कर्नाटक के 17, उत्तर प्रदेश के 16, जम्मू कश्मीर के 13, दिल्ली के 9, तेलंगाना और गुजरात के 8-8, केरल के 6, मध्य प्रदेश के 5, राजस्थान-तमिलनाडु के 4-4, अंडमान निकोबार और पश्चिम बंगाल के 3-3, छत्तीसगढ़-उत्तराखंड के 1-1 मामले शामिल हैं। वहीं, भारत सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय ने देश में अब तक संक्रमण के 918 मामले बताए हैं, जिनमें से 819 एक्टिव मरीज हैं। हालांकि, covid19india.org के मुताबिक देश में संक्रमितों की संख्या 1024 है। एक दिन में संक्रमण के सबसे ज्यादा 151 मामले शुक्रवार को सामने आए थे, जबकि 3 लोगों की मौत हुई थी और 25 लोग ठीक हुए थे। इससे पहले 23 मार्च को एक दिन में 102 लोग संक्रमित हुए थे। इधर, पुणे के पास पिंपरी-चिंचवड़ में कोरोनावायरस संक्रमित 5 और मरीज ठीक हो गए हैं। इनकी दूसरी टेस्ट रिपोर्ट भी निगेटिव आई है। नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग के एक अफसर ने बताया कि इन सभी मरीजों की जल्द ही अस्पताल से छोड़ दिया जाएगा। इससे पहले, 14 दिन अस्पताल में आइसोलेशन में रहने के बाद 3 मरीजों की टेस्ट रिपोर्ट निगेटिव आई थी। इन्हें शुक्रवार को डिस्चार्ज किया गया था। पिंपरी-चिंचवड़ में अब तक कोरोनावायरस के 12 केस सामने आए हैं। हालांकि, बीते 8 दिनों में एक भी नया मामला सामने नहीं आया।

पंजाब ने कोरोना से लड़ने के लिए केंद्र से 150 करोड़ की मदद मांगी

इधर, पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री बलवीर सिंह ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को चिठ्ठी लिखी है। इसमें उन्होंने बताया है कि राज्य में एनआरआई की संख्या बहुत ज्यादा है। इसी महीने 90 हजार अनिवासी भारतीय पंजाब आए हैं। ऐसे में कोरोना संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ने की आशंका है। इससे लड़ने के लिए राज्य को 150 करोड़ के अतिरिक्त फंड की जरूरत पड़ेगी।

चंडीगढ़ में फंसे अपने यहां के छात्रों को हिमाचल भवन में ठहराएगी

इस बीच, हिमाचल प्रदेश सरकार ने चंडीगढ़ में रह रहे अपने यहां के छात्रों को हिमाचल भवन में रखने का फैसला किया है। ऐसी मीडिया रिपोर्ट्स सामने आई थीं कि यहां मकान मालिक प्रदेश के छात्रों को घर खाली करने के लिए कह रहे हैं। इधर, तिहाड़ जेल प्रशासन ने एहतियातन 356 कैदियों को 45 दिन की अंतिरम जमानत दे दी है और 63 को इमरजेंसी पैरोल पर रिहा करने का फैसला किया है।

देशभर में डॉक्टरों को ऑनलाइन ट्रेनिंग दी जा रही

इस बीच, स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। मंत्रालय ने कहा है कि कोरोनावायरस के इलाज के लिए देशभर में डॉक्टरों को ऑनलाइन ट्रेनिंग दी जा रही है।एम्स में इसके लिए एक सेंटर बनाया जा रहा है। वहीं, केंद्रीय ऊर्जा मंत्री आरके सिंह ने कहा- देशभर में 30 जून तक बिजली की आपूर्ति 24 घंटे जारी रहेगी। अगर राज्यों में वितरण कंपनियों का बकाया है तो भी बिजली उत्पादक कंपनियां आपूर्ति को नियंत्रित नहीं करेंगी।

ट्रेन के डिब्बों को आइसोलेशन कोच बनाने की तैयारी

इस संक्रमण से मुकाबले के लिए सरकार हर संभव कोशिश कर रही है। ट्रेन के डिब्बे को ही आइसोलेशन कोच के रूप में बदलने की तैयारी है। दिल्ली डिपो में एक प्रोटोटाइप तैयार किया गया है। इसमें 6 बर्थ वाले हिस्से में से एक तरफ की मिडिल बर्थ और सामने वाली तीनों बर्थ निकाल दी गई हैं। इस हिस्से में एक मरीज को रखा जाएगा। इससे हर मरीज के बीच जरूरी दूरी रहेगी। रेलवे का कहना है कि मंजूरी मिलते ही हर जोन में हर हफ्ते 10 डिब्बों को आइसोलेशन कोच में बदला जाएगा।

11 राज्यों के हाल

मध्यप्रदेश; कुल संक्रमित- 34: राज्य में शनिवार को 5 नए मामले सामने आए। इससे पहले शुक्रवार को जबलपुर में दो लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। दोनों नए मरीज पहले से संक्रमित सराफा व्यापारी के यहां काम करते हैं। अब इंदौर में 16, जबलपुर में 8, भोपाल-उज्जैन में 3-3, शिवपुरी में 2 और ग्वालियर में 2 पॉजिटिव हैं। प्रदेश में अब तक 2 लोगों की मौत हुई है।

राजस्थान; कुल संक्रमित- 54: आज 4 नए मामले सामने आए। अजमेर में 23 साल का युवक संक्रमित मिला है। वह हाल ही में पंजाब से लौटा था। 21 साल की एक युवती भीलवाड़ा में संक्रमित पाई गई है। भीलवाड़ा में ही बांगड़ हॉस्पिटल के नर्सिंग स्टाफ के दो लोग संक्रमित मिले हैं। राज्य में भीलवाड़ा में सबसे ज्यादा 20 मरीज हैं।

छत्तीसगढ़; कुल संक्रमित- 7: शनिवार को 1 नया मामला सामने आया। 7 संक्रमितों में से 5 मामले बुधवार से गुरुवार के बीच सामने आए। यहां रायपुर में 3 और बिलासपुर, दुर्ग और राजनांदगांव में 1-1 संक्रमित हैं। इस बीच, राज्य के कृषि मंत्री रवींद्र चौबे का कहना है कि लॉकडाउन के दौरान किसानों को मंडी से खाली वाहन लेकर लौटने पर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके मद्देनजर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने निर्देश दिया है कि किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

उत्तरप्रदेश; कुल संक्रमित- 65: आज 16 मामले सामने आए। राज्य में सबसे ज्यादा 9 संक्रमित आगरा में हैं। इसके बाद 8 केस लखनऊ में सामने आए हैं। लॉकडाउन के कारण आसपास के इलाकों और सीमावर्ती राज्यों में मुश्किलों का सामना कर रहे मजदूरों को उत्तर प्रदेश सरकार सरकार बसों के जरिए उनके घर भेज रही है। इसके लिए एक हजार बसों का इंतजाम किया गया।

बिहार; कुल संक्रमित- 11: शनिवार को राज्य में कोरोना संक्रमण के दो नए केस सामने आए। 11 संक्रमितों में से 10 का इलाज चल रहा है। जबकि 38 साल के मरीज की पटना में 21 मार्च को मौत हो गई थी। कुल मरीजों में 6 संक्रमित ऐसे हैं, जिनकी कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है। यानी, इन लोगों ने देश में या देश से बाहर कहीं यात्रा नहीं की है। राज्य में शुक्रवार को दो संक्रमित पाए गए थे।

महाराष्ट्र; कुल संक्रमित- 186: महाराष्ट्र में आज 30 नए मामले सामने आए। शुक्रवार को पॉजिटिव मिले 29 मरीजों में से 15 केवल सांगली के थे। सांगली के मरीज पहले से ही संक्रमित लोगों के संपर्क में आए थे। राज्य में मुंबई, पुणे और नागपुर समेत कई शहरों से मजदूर अपने राज्यों को पैदल ही लौट रहे हैं। कुछ लोगों को 200-300 किलोमीटर तक का सफर करना पड़ रहा है। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने इनसे अपील की है कि वे कहीं न जाएं महाराष्ट्र में उनका पूरा ख्याल रखा जाएगा।

दिल्ली; कुल संक्रमित- 49: यहां आज संक्रमण के 9 मामले सामने आए। इससे पहले यहां 6 लोग ठीक हो चुके हैं और एक मौत हुई है। वहीं, लॉकडाउन के बाद शहर से मजदूरों का पलायन नहीं थम रहा। उन्हें तमाम मुश्किलों का भी सामना करना पड़ रहा है।

पंजाब; कुल संक्रमित- 39: शनिवार को यहां 1 नया मामला सामने आया। शुक्रवार को 5 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई थी। राज्य के 39 संक्रमितों में से 27 लोग पिछले हफ्ते जान गंवाने वाले 70 साल के कोरोना पॉजिटिव बुजुर्ग के परिजन और मिलने वाले हैं।

उत्तराखंड; कुल संक्रमित- 6: आज एक संक्रमित मिला। बुधवार को भी एक कोरोना पॉजिटिव मिला था, जो स्पेन से लौटा था। राज्य में संक्रमण को रोकने की हर संभव कोशिश की जा रही है। शनिवार को यहां चमोली की पुरसादी जिला जेल से उन 15 कैदियों को 6 महीने की पैरोल पर रिहा कर दिया गया, जिन्हें 7 साल से कम सजा हुई है। फिलहाल जेल में 89 कैदी हैं।

केरल; कुल संक्रमित- 182: यहां आज 6 नए मामले सामने आए। सबसे ज्यादा 82 केस कासरगोड़ जिले में सामने आए। लॉकडाउन के बीच यहां जरूरी सामानों की कमी हो रही है। मुख्यमंत्री पी विजयन ने प्रधानमंत्री को पत्र लिख नेशनल हाईवे 30 खुलवाने की अपील की है। उनका कहना है कि कर्नाटक पुलिस वहां से जरूरी सामानों के वाहन नहीं आने दे रही।

तमिलनाडु; कुल संक्रमित- 42: शनिवार को यहां 4 नए पॉजिटिव मिले। कुम्बकोणम में 42 साल का व्यक्ति संक्रमित मिला, जो वेस्टइंडीज से लौटा था। वहीं, काटपड़ी में 49 साल का व्यक्ति संक्रमित मिला। वह ब्रिटेन से लौटा था। दोनों को वेल्लोर में भर्ती किया गया है। इस बीच, चेन्नई में आइसोलेशन वार्ड में भर्ती तीन मरीजों की शनिवार को मौत हो गई। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि वे कोरोना पॉजिटिव थे। उनकी टेस्ट रिपोर्ट का इंतजार है। मृतकों में एक की उम्र 66 साल थी। उन्हें किडनी की गंभीर समस्या थी। 24 साल के दूसरे मृतक को निमोनिया की शिकायत थी। तीसरा मृतक दो साल का बच्चा है, जो ऑस्टियोपेट्रेटिस (हडि्डयों की बीमारी) से पीड़ित था।

दिल्ली में प्रदूषण में जबर्दस्त कमी

लॉकडाउन के बीच दिल्ली में प्रदूषण का स्तर काफी कम हो गया है। यहां अक्सर धुंध छाई रहती है, लेकिन शनिवार को आसमान नीला नजर आया। प्रदूषण स्तर में भी सुधार हुआ है। शनिवार को यहां पीएम 2.5 का स्तर 20 रहा, वहीं प्रदूषण का स्तर 69 था। यह दिसंबर के आसपास 500 तक पहुंच गया था।

सुधा मूर्ति 20 लाख के चिकित्सा उपकरण दान करेंगी

इंफोसिस फाउंडेशन की चेयरपर्सन सुधा मूर्ति कोरोनावायरस से लड़ाई में योगदान के लिए 28 लाख रुपए के चिकित्सा उपकरण दान करेंगी। मेंगलुरु पुलिस कमिश्नर हर्षा ने शनिवार को बताया कि पुलिस ने इस संबंध में ट्वीट करके उनसे अपील की थी। सुधा मूर्ति ने 36 घंटे बाद ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए दान देने की घोषणा की।

Next Story