राष्ट्रीय

राहुल गांधी का मोदी सरकार पर बड़ा हमला: जितना सच्चाई बोलूंगा, उतना हमला होगा लेकिन मैं इनसे नहीं डरता

Arun Mishra
5 Aug 2022 5:55 AM GMT
राहुल गांधी का मोदी सरकार पर बड़ा हमला: जितना सच्चाई बोलूंगा, उतना हमला होगा लेकिन मैं इनसे नहीं डरता
x
राहुल गांधी ने महंगाई और रोजमर्रा के सामानों की बढ़ती कीमतों को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा।

नई दिल्ली : कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को महंगाई और रोजमर्रा के सामानों की बढ़ती कीमतों को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा। राहुल गांधी ने कहा, आज देश में लोकतंत्र नहीं है। सिर्फ तानाशाही है। हम महंगाई का मुद्दा उठाते हैं।हमें संसद में बोलने नहीं दिया जाता। बाहर प्रदर्शन करने पर गिरफ्तार कर लिया जाता है।

उन्होंने कहा, 'क्या आप तानाशाही का मजा ले रहे हैं, यहां रोज लोकतंत्र की हत्या हो रही है। इस सरकार ने 8 साल में लोकतंत्र को बर्बाद कर दिया।' दरअसल, कांग्रेस आज देशभर में केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है।

उन्होंने कहा कि आज हिंदुस्तान में लोकतंत्र नहीं है। लोकतंत्र की मौत हो चुकी है। आज चार लोगों की डिक्टेटरशिप है। हम महंगाई ओर जो लोगों को बांटा जा रहा है उस पर बोलना चाहते हैं। हमें पार्लियामेंट हाउस में बोलने नहीं दिया जाता। जो विरोध करता है उसे अरेस्ट किया जाता है। ये हिंदुस्तान की हालत है।

राहुल की प्रेस कॉन्फ्रेंस की बड़ी बातें

1. हर इंस्टीट्यूट में RSS का आदमी: देश की मीडिया, इलेक्टोरल सिस्टम इनके दम पर विपक्ष खड़ा होता है, लेकिन देश में हर इंस्टीट्यूट में RSS का आदमी बैठा है। वह सरकार के कंट्रोल में है। जब हमारी सरकार होती थी तब इन्फ्रास्ट्रक्चर न्यूट्रल होता था। हम उसमें दखल नहीं देते थे। आज यह सरकार के साथ है। कोई विरोध करता है तो उसके खिलाफ केंद्रीय जांच एजेंसियां लगा दी जाती हैं।'

2. लोकतंत्र आठ साल में बर्बाद: लोकतंत्र की जो मौत हुई, उससे आपको कैसा लग रहा है? जिस लोकतंत्र को 70 सालों में बनाया गया, उसे आठ साल में खत्म कर दिया गया।

3. जितना सच्चाई बोलूंगा, उतना हमला: मेरी दिक्कत ये है कि मैं सच्चाई बोलूंगा, महंगाई, बेरोजगारी का मुद्दा उठाने का काम करूंगा। जो डरता है, वो धमकाता है। जो आज देश की हालत है उससे डरते हैं, जो उन्होंने पूरे नहीं किए, महंगाई और बेरोजगारी से डरते हैं। जनता की शक्ति से डरते हैं, क्योंकि ये 24 घंटा झूठ बोलते हैं।

संसद से राष्ट्रपति भवन तक कांग्रेस का मार्च

कांग्रेस का ये हल्ला बोल दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय से शुरू होगा. 10 बजे के करीब कांग्रेसी सांसद और वर्किंग कमेटी के सदस्य और दूसरे नेता यहां से मार्च करते हुए निकलेंगे. कांग्रेस के सांसद भी महंगाई के मसले पर 11 बजे संसद भवन से राष्ट्रपति भवन की तरफ मार्च करेंगे. कांग्रेस ने राष्ट्रपति से भी मिलने का वक्त मांगा है, लेकिन अभी तक वक्त नहीं मिला है.

Next Story