
भयानक हादसा: शादी से लौटते वक्त खाई में गिरी बोलेरो, 2 की दर्दनाक मौत, 11 घायल

शिमला : हिमाचल में भारी बारिश ने कहर बरसाया हुआ है। वहीं अब बारिश का असर भी दिखने लगा है। हिमाचल प्रदेश के भट्टाकुफार के पास शादी से लौट रहे एक बोलेरो के गहरी खाई में गिरने से 2 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई और 11 लोग घायल हो गए।
बताया जा रहा है ये सभी लोग मशोबरा के रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक सोमवार देर रात को 13 लोग बोलैरो में सवार होकर एक शादी समारोह में गए थे। मंगलवार को वहां से वापस मशोबरा लौटते समय भट्टाकुफर के ज्वाला माता मंदिर संपर्क मार्ग पर बोलैरो दलदल में फंस गई।
जिसके बाद चालक ने इसे निकालने की भरपूर कोशिश की। इस दौरान बोलेरो अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। जिसमे 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान प्रताप और गुड्डी के तौर पर हुई है। और सभी घायलों को आईजीएमसी शिमला में भर्ती करवाया गया है।
पुलिस घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंच गई और घायल लोगों को स्थानीय लोगों की मदद से बचाया गया तथा अस्पताल में भर्ती करवाया गया। बताया जा रहा है अधिकतर लोग शिमला की बाहरी सीमा पर स्थित मशोबरा और पास के गांव के निवासी हैं।
