Archived

मानहानि केस में केजरीवाल को मिली अग्रिम जमानत, कहा- मजीठिया में हिम्मत है तो मुझे करें गिरफ्तार

Special Coverage News
29 July 2016 8:30 AM GMT
मानहानि केस में केजरीवाल को मिली अग्रिम जमानत, कहा- मजीठिया में हिम्मत है तो मुझे करें गिरफ्तार
x
अमृतसर: पंजाब के राजस्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया के मानहानि केस मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी (आप) के नेता संजय सिंह और आशीष खेतान आज अमृतसर कोर्ट में पेश हुए। केजरीवाल अदालत खुली जीप में पहुंचे। अदालत ने इस मामले में केजरीवाल और संजय सिंह को अग्रिम जमानत दे दी है। अब इस मामले की अगली सुनवाई 15 अक्‍टूबर को होगी।

बता दें पंजाब के राजस्व मंत्री बिक्रम मजीठिया ने अरविंद केजरीवाल, आशीष खेतान और आप के पंजाब प्रभारी संजय सिंह के खिलाफ मानहानि का केस कर रखा है। केजरीवाल शुक्रवार करीब 11 बजे यहां अदालत में पेश हुए। इस संबंध में वकील एचएस फुल्का ने बताया कि अरविंद केजरीवाल और आप नेता संजय सिंह को 40,000 रुपये के मुचलके पर जमानत मिल गई है और 15 अक्टूबर को इस मामले में अगली सुनवाई होगी।

कोर्ट में पेशी के पहले अरविंद केजरीवाल ने अपने बयान से सुर्खियां बटोरी। दरअसल केजरीवाल ने कोर्ट में पेश होने से पहले कहा कि मजीठिया में हिम्मत है तो 6 महीने में मुझे गिरफ्तार करके दिखा दें, नहीं तो 6 महीने बाद मैं मजीठिया को मैं गिरफ्तार करके दिखाउंगा। केजरीवाल ने मजीठिया पर कटाक्ष करते हुए कहा कि मैंने कुछ दिन पहले कहा था कि मजीठिया नशे के धंधे में लिप्त हैं। तो उसने मुझ पर मानहानि का केस कर दिया। ऐसा करने की उनकी हिम्मत कैसे हुई?

कोर्ट में पेशी के दौरान बड़ी संख्या में 'आप' समर्थक मौजूद रहे और उन्‍होंने केजरीवाल के पक्ष में नारेबाज़ी की। अरविन्द केजरीवाल ने कहा कि अब अब बादल सरकार के दिन लद गए हैं। चुनाव में जनता मजीठिया से बदला लेगी। छह महीने बाद हम सब मिलकर नया पंजाब बनाएंगे। मजीठिया ने पंजाब की जवानी को नशे में डुबो दिया। उन्‍होंने कहा कि पंजाब का बच्चा-बच्चा जानता है के मजीठिया नशे का धंधा करता है। अगर मेरे ऊपर झूठा पर्चा कर दिया तो आम आदमी का क्या हाल करते होंगे।
Next Story