राष्ट्रीय

मुनव्वर राणा को लेकर यूपी के मंत्री का विवादित बयान, बोल- जो 1947 के बंटवारे के बाद भारत में...

सुजीत गुप्ता
21 July 2021 5:54 AM GMT
मुनव्वर राणा को लेकर यूपी के मंत्री का विवादित बयान, बोल- जो 1947 के बंटवारे के बाद भारत में...
x

बलिया। अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहने वाले उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला ने मंगलवार को शायर मुनव्वर राणा पर हमला बोला। आनंद स्वरूप का कहना है कि जो भी भारतीयों के खिलाफ खड़े होंगे, वह एनकाउंटर में मारे जाएंगे। उन्होंने कहा कि मुन्नवर राणा उन लोगों में से है, जो 1947 के बंटवारे के बाद भारत में रुक गए थे और देश को अंदर से तोड़ने की साजिश रचने वालों में शामिल रहे। ऐसे में जो भी लोग भारतीयों के खिलाफ खड़े होंगे, वह एनकाउंटर में मारे जाएंगे।

राज्यमंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला ने मुनव्वर के साथ ही कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने उनके तीन दिवसीय यूपी दौरे पर कहा कि प्रियंका गांधी वाड्रा राजनैतिक पर्यटक हैं। डेढ़ साल बाद यूपी का मौसम और बारिश देखने आईं थीं। लोग उन्हें देखने आते हैं।


शुक्ला ने बसपा नेता सतीश मिश्रा पर भी हमला बोला है। सतीश मिश्रा ने हाल ही में अयोध्या में रामलला के दर्शन किए जिसपर आनंद स्वरूप शुक्ला ने कहा कि कांशीराम जी ने अयोध्या में मंदिर की जगह शौचालय बनाने की बात कही थी, ऐसे में अब मायावती जी को जवाब देना चाहिए कि उनके लोग अयोध्या में क्या कर रहे हैं।

हाल ही में मशहूर शायर मुनव्वर राणा ने एक बयान दिया था जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर योगी आदित्यनाथ फिर से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनते हैं, तो वह राज्य छोड़ देंगे। साथ ही उन्होंने कहा था कि वह यह भी मान लेंगे कि अब यूपी मुसलमानों के लिए रहने लायक नहीं है। मुनव्वर राणा ने उत्तर प्रदेश चुनाव में असदुद्दीन ओवैसी की एंट्री पर सवाल खड़े किए थे और कहा था कि ऐसी पार्टियां ध्रुवीकरण के मसले को बल देकर चुनाव लड़ना चाहती हैं।



Next Story