राजनीति

पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं अंबाला सांसद रतनलाल कटारिया का निधन

Shiv Kumar Mishra
18 May 2023 11:09 AM IST
पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं अंबाला सांसद रतनलाल कटारिया का निधन
x
बीते एक माह से चंडीगढ़ पीजीआई में भर्ती थे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर श्रद्धांजली देते हुए लिखा कि सांसद एवं पूर्व मंत्री रतन लाल कटारिया के निधन से बहुत दुख हुआ। उन्हें सार्वजनिक सेवा और सामाजिक न्याय के लिए उनके समृद्ध योगदान के लिए याद किया जाएगा। उन्होंने हरियाणा में भाजपा को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। उनके परिवार और समर्थकों के प्रति संवेदनाएं। शांति।

हरियाणा सीएम मनोहर लाल रतनलाल कटारिया के निवास स्थान पहुंचे

हरियाणा के सीएम मनोहर लाल ने सांसद रतन लाल कटारिया के निवास स्थान पहुंचकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की व परिवार के सदस्यों को ढाढ़स बंधाया। वहीं, सीएम ने ट्वीट कर लिखा कि पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री एवं अंबाला से सांसद रतन लाल कटारिया के निधन से मन अत्यंत दुःखी है। समाज के हित और हरियाणा के लोगों की उन्नति के लिए उन्होंने हमेशा संसद में आवाज़ उठाई। उनका चले जाना राजनीति के लिए एक अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और परिवार को इस कठिन घड़ी में संबल प्रदान करें।

बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष ओपी धनखड़ ने दी श्रद्धांजलि

हंसते हंसते रूला गये रतन लाल कटारिया, हंसमुख स्वभाव उनके व्यक्तित्व में सबसे उपर था, ग़रीबी से उठकर केंद्रीय मंत्री तक पहुंचे, बहुत जल्दी हमारे बीच से चले गये, जनसेवा, विनम्र मित्रवत् स्वभाव उनकी पूंजी थी, उनका घर बीजेपी का घर है, दशकों तक उनके साथ काम करने का मौक़ा मिला, उनका जाना, देश, प्रदेश, व भाजपा एवं मेरी निजी क्षति है। भावपूर्ण श्रद्धांजली

हरियाणा में एक दिन का राजकीय शोक घोषित

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने ने आज पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं अंबाला से सांसद रतन लाल कटारिया के निधन पर हरियाणा में एक दिन का राजकीय शोक घोषित किया है।

आम आदमी पार्टी के नेता अशोक तंवर ने दी श्रद्धांजलि

अम्बाला से सांसद व पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री रतनलाल कटारिया के निधन पर शोक प्रकट करता हूँ। कटारिया जी एक मिलनसार, मृदुभाषी एवं लोगों का दुख दर्द महसूस करने वाले एक बेहतरीन व्यक्तित्व के धनी थे। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें व शोक संतप्त परिवार को यह दुःख सहन करने की शक्ति दें।

Next Story