राष्ट्रीय

सीएम मनोहर पर्रिकर इलाज के लिए दोबारा जाएंगे अमेरिका

Anamika
29 Aug 2018 7:41 AM GMT
सीएम मनोहर पर्रिकर इलाज के लिए दोबारा जाएंगे अमेरिका
x
गोवा के सीएम मनोहर पर्रिकर अपने इलाज के लिए दुबारा आज रात को मुंबई से अमेरिका के लिए रवाना होंगे। अग्नाशय संबंधी बीमारी के लिए इस साल तीन महीने तक अमेरिका में पर्रिकर का इलाज चला था

नई दिल्ली :

मुंबई के एक निजी अस्पताल में भर्ती गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर बुधवार रात इलाज के लिए एक बार फिर अमेरिका रवाना होंगे। उनके कार्यालय ने यह जानकारी दी। अग्नाशय संबंधी बीमारी के लिए इस साल तीन महीने तक अमेरिका में पर्रिकर का इलाज चला था और वह जून में भारत लौटे थे। इस महीने की शुरुआत में वह स्वास्थ्य जांच के लिए फिर से अमेरिका गए थे। अमेरिका से लौटने के एक दिन बाद ही स्वास्थ्य जांच के लिए वह मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती हुए थे और बुधवार को गोवा वापस आने वाले थे। मुख्यमंत्री कार्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पर्रिकर आज रात मुंबई से अमेरिका के लिए रवाना होंगे।

अधिकारी ने मुख्यमंत्री के स्वास्थ्य के संबंध में अधिक जानकारी देने से इनकार कर दिया। उन्होंने बताया, 'मुख्यमंत्री पद का आधिकारिक पदभार उनके पास ही रहेगा। किसी अन्य को यह पदभार देने की जरूरत नहीं है।' पर्रिकर ने सात अगस्त को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी और राज्य के खनन सेक्टर के मौजूदा संकट से निपटने में हस्तक्षेप की मांग की थी।

6 महीने से पर्रिकर की सेहत खराब

गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर को 28 फरवरी को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। बताया जा रहा था कि डिहाइड्रेशन और ब्लड प्रेशर की शिकायत के चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। इससे पहले मुंबई में भी उनका इलाज चला था, जिसके बाद वह जल्द ही गोवा वापस आ गए थे। वापस आते ही वह विधानसभा पहुंच गए थे और बजट भी पेश किया था।

कुछ दिन घर पर बिताने के बाद उन्हें गोवा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। 5 मार्च को उन्हें फिर से मुंबई के लीलावती अस्पताल ले जाना पड़ा था, जहां बाद में डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें अमेरिका ले जाया गया। यूएस में करीब तीन महीने लंबे चले इलाज के बाद वह मुंबई लौटे। यूएस में सात मार्च से पर्रिकर का इलाज शुरू हुआ था

Next Story