राष्ट्रीय

रामलीला मैदान में कांग्रेस की विशाल रैली,इस कारण बंद रहेंगे कई मार्ग, इन रूटों पर आने से बचें

Sujeet Kumar Gupta
13 Dec 2019 4:49 AM GMT
रामलीला मैदान में कांग्रेस की विशाल रैली,इस कारण बंद रहेंगे कई मार्ग, इन रूटों पर आने से बचें
x

नई दिल्ली। महंगाई, बेरोजगारी, मंदी और किसानों की समस्या को लेकर कांग्रेस दिल्ली के रामलीला मैदान में 14 दिसंबर को एक बड़ी रैली करने जा रही है. इस रैली में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और मनमोहन सिंह समेत कांग्रेस शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री व कार्यकर्ता शामिल होंगे रैली को लेकर यातायात पुलिस ने उस ओर जाने वाले कुछ रास्तों को बंद कर दिया है, जबकि कुछ रास्तों पर भारी वाहन के प्रवेश पर पाबंदी रहेगी।

यातायात पुलिस अधिकारी के मुताबिक, रैली की वजह से दिल्ली गेट और राजघाट से जवाहरलाल नेहरू मार्ग की ओर कामर्शियल वाहनों को जाने की इजाजत नहीं होगी। साथ ही कामर्शियल वाहनों को गुरुनानक चौक से अजमेरी गेट, कमला मार्केट से हमदर्द, डीडीयू मार्ग मिंटो लाल बत्ती से कमला मार्केट, अजमेरी गेट से हमदर्द चौक, तुर्कमान गेट की ओर नहीं जाने दिया जाएगा।

बाराखंभा से रंजीत सिंह फ्लाईओवर होते हुए गुरुनानक चौक पर वाहनों को जाने के इजाजत नहीं होगी। इसके अलावा विवेकानंद मार्ग, जवाहरलाल नेहरू मार्ग, कमला मार्केट से गुरुनानक चौक, चमनलाल मार्ग, पहाड़गंज चौक से अजमेरी गेट की ओर वाहनों को नहीं जाने दिया जाएगा। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को इन मार्गों से बचकर चलने की सलाह दी है। यातायात पुलिस सोशल मीडिया पर लगातार इन मार्गों के बारे में जानकारी मुहैया कराएगी।

14 दिसंबर को होने वाली भारत बचाओ रैली को लेकर कांग्रेस ने देश भर से तमाम लोगों को रामलीला मैदान पहुंचने का आह्वान किया है. कांग्रेस का दावा है कि यह रैली ऐतिहासिक होगी. कांग्रेस ने कहा कि केंद्र सरकार असली मुद्दों से देश की जनता का ध्यान भटकाने में लगी है. लेकिन वो इन तमाम मुद्दों को लेकर देश में जनता के बीच जाएगी.

कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला का कहना है कि देश में इस वक्त मंदी की मार है, बेरोजगारी चरम सीमा पर है, महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है और किसानों की स्थिति बहुत खराब है लेकिन केंद्र सरकार इस दिशा में कोई भी कदम नहीं उठा रही है. सरकार पूरी तरीके से असफल है. सुरजेवाला का कहना है कि जनता केंद्र सरकार की नीतियों से परेशान है, अर्थव्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है, जीडीपी गिरती जा रही है और देश बदलाव के मूड में है।

Tags
Sujeet Kumar Gupta

Sujeet Kumar Gupta

    Next Story