राष्ट्रीय

प्रियंका गांधी की राजनीति में एंट्री पर राजनाथ सिंह ने कही ये बड़ी बात!

Special Coverage News
24 Jan 2019 10:28 AM GMT
प्रियंका गांधी की राजनीति में एंट्री पर राजनाथ सिंह ने कही ये बड़ी बात!
x
प्रियंका गांधी, कांग्रेस महासचिव (File Photo)
राजनाथ सिंह ने गुरुवार को कहा है कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश में कोई चुनौती नहीं है?

नई दिल्ली : केंद्रीय गृहमंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह ने गुरुवार को कहा है कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश में कोई चुनौती नहीं है। राजनाथ सिंह ने न्यूज एजेंसी एएनआई से कहा, 'हम यूपी में कांग्रेस को चुनौती नहीं मानते हैं। इसके अलावा राजनाथ सिंह ने प्रियंका गांधी को लेकर भी बयान दिया। राजनाथ सिंह ने (प्रियंका गांधी को कांग्रेस में पूर्वी यूपी का महासचिव बनाए जाने को लेकर) कहा कि वह कांग्रेस पार्टी का अंदरूनी मामला है।

वहीं, बीजेपी विधायक सुरेन्द्र सिंह ने दावा किया कि कांग्रेस की नवनियुक्त महासचिव प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश में कोई करिश्मा नहीं कर पाएंगी। अपने बयानों को लेकर अकसर विवादों के घेरे में रहने वाले सिंह ने प्रियंका को लेकर किये गये सवाल पर कहा, 'प्रियंका कोई करिश्मा नहीं कर पाएंगी। प्रियंका प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सामने टिक नहीं पाएंगी।'



इससे पहले प्रियंका गांधी को महासचिव बनाए जाने पर बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि महागठबंधन से हर राज्य से नकारे जाने के बाद आखिर में कांग्रेस ने अब प्रियंका गांधी पर दांव खेला है। प्रियंका कांग्रेस के लिए बैसाखी की तरह है। न्यू इंडिया में यह सवाल पूछा जा रहा है कि नेहरू जी के बाद इंदिरा जी फिर राजीव से फिर सोनिया जी फिर राहुल जी और अब प्रियंका जी। बीजेपी में पार्टी ही परिवार है तो कांग्रेस में परिवार ही पार्टी है,यही हमारे बीच का फर्क है। संबित पात्रा ने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी को सिर्फ एक परिवार के सभी लोग मिलकर चलाते हैं।

गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव से कुछ महीने पहले बड़ा दांव खेलते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपनी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा को बुधवार को पार्टी महासचिव नियुक्त किया और उत्तर प्रदेश-पूर्व की जिम्मेदारी सौंपी है। इस नियुक्ति के साथ ही प्रियंका का सक्रिय राजनीति में पदार्पण हो गया है। उनकी नयी भूमिका पर कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्रियंका गांधी के आने से उत्तर प्रदेश में एक नये तरीके की सोच आएगी और राजनीति में 'सकारात्मक' बदलाव आएगा।

Next Story