

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के गहमा गहमी के बीच जुबानी जंग जारी है| इस कड़ी में बसपा सुप्रीमो व पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने सोमवार को योगी सरकार पर खूब बरसीं। उन्होंने कहा कि उसका बुलडोजर सिर्फ मुसलमानों पर चला। सवाल यह है कि प्रदेश में मुसलमानों के अलावा और माफिया नहीं हैं? महंगाई के लिए उन्होंने भाजपा सरकार की गलत नीतियों को जिम्मेदार ठहराया।
आजमगढ़ मंडल मुख्यालय पर सोमवार को बसपा सुप्रीमो ने आजमगढ़, मऊ व बलिया की 21 विधानसभा क्षेत्रों की संयुक्त रैली को संबोधित किया। कहा कि सरकार की गलत नीतियों से किसान परेशान हैं। आरक्षण व्यवस्था सही रूप से लागू नहीं की गयी। आरक्षित कोटे का लाभ दलितों-पिछड़ों को नहीं मिला। दलितों पर उत्पीड़न बढ़े हैं। भाजपा सरकार में दलितों के संत-महात्माओं और गुरुओं को सम्मान नहीं मिला। ब्राह्मण भी इस सरकार में शोषित हुए। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार योगी आदित्यनाथ को उनके मठ भेजकर रहूंगी। सरकार में आने के बाद उन्होंने पुरानी पेंशन बहाल करने पर विचार करने का वादा किया।
बसपा सुप्रीमो ने कहा कि सत्ता से बाहर रहने पर ही कांग्रेस को दलितों की याद आती है। सपा मुखिया पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका हाल बुरा है। यही वजह है कि वह आजमगढ़ की किसी सीट से चुनाव लड़ने की हिम्मत नहीं जुटा सके। पिता की सुरक्षित सीट से मैदान में हैं। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष भीम राजभर, चीफ सेक्टर प्रभारी विजय प्रताप, लालगंज की सांसद संगीता आजाद, आजमगढ़, मऊ व बलिया के जिलाध्यक्ष समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
