पंजाब

पंजाब के सीएम अमरिंदर सिंह के प्रधान सलाहकार बने प्रशांत किशोर, कैबिनेट मंत्री का मिला दर्जा

Arun Mishra
1 March 2021 1:08 PM GMT
पंजाब के सीएम अमरिंदर सिंह के प्रधान सलाहकार बने प्रशांत किशोर, कैबिनेट मंत्री का मिला दर्जा
x
प्रशांत किशोर टोकन मनी के रूप में महज 1 रुपए वेतन लेंगे।

नई दिल्ली: पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने प्रशांत किशोर को अपना प्रधान सलाहकार नियुक्त किया है. उन्हें यहां कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया गया है। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से इसकी जानकारी देते हुए बताया गया है कि प्रशांत किशोर टोकन मनी के रूप में महज 1 रुपए वेतन लेंगे। हालांकि, उन्हें बंगला, दफ्तर, टेलिफोन सहित अन्य सुविधाएं दी जाएंगी।

अमरिंदर सिंह ने खुद ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है. उन्होंने लिखा, ''पंजाब के लोगों की भलाई के लिए एक साथ काम करने के लिए तत्पर हैं!'' उन्हें एक निजी सचिव, एक निजी सहायक, एक डेटा एंट्री ऑपरेटर, एक क्लर्क और दो चपरासी दिए जाएंगे।

उन्हें कैबिनेट मंत्री को मिलने वाला बंगला दिया जाएगा। ऑफिस और कैंप ऑफिस/आवास में लैंडलाइन फोन के अलावा मोबाइल फोन का खर्च भी उठाया जाएगा, जिसकी कोई लिमिट नहीं होगी। स्टेट ट्रांसपोर्ट कमिश्नर की ओर से उन्हें परिवहन की सुविधा दी जाएगी। वह कैबिनेट मंत्री को मिलने वाली ट्रैवल सुविधा का लाभ ले सकेंगे। हॉस्पिटैलिटी के नाम पर 5 हजार रुपए तक का खर्च कर सकते हैं। कैबिनेट मंत्री को जो मेडिकल सुविधाएं मिलती हैं वह भी उन्हें प्राप्त होंगी।

पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने सोमवार को चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर को अपना मुख्य सलाहाकार बनाए जाने की जानकारी दी। अमरिंदर सिंह ने ट्वीट किया '' यह बताते हुए खुशी हो रही है कि प्रशांत किशोर मुख्य सलाहाकार के तौर पर मेरे साथ जुड़ गए हैं। पंजाब के लोगों की बेहतरी के लिए एक साथ काम करने को लेकर आशान्वित हूं।''

किशोर ने वर्ष 2017 में पंजाब विधानसभा के दौरान कांग्रेस के चुनाव अभियान की कमान संभाली थी। वर्तमान में किशोर की कंपनी, इंडियन पालिटिकल एक्शन कमेटी (आई-पीएसी) पश्चिम बंगाल चुनाव में ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस की मदद कर रही है। किशोर ने वर्ष 2014 के आम चुनाव में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री पद के लिए अभियान की कमान संभाली थी।

Next Story