
Archived
गुरदासपुर उपचुनाव में कांग्रेस की बड़ी जीत, सिद्धू बोले- 'राहुल के लिए शानदार दिवाली गिफ्ट है'
Arun Mishra
15 Oct 2017 2:29 PM IST

x
कांग्रेस के जाखड़ को जहां 4 लाख 99 हजार 752 वोट, बीजेपी के सवर्ण सलारिया को 3 लाख छह हजार 533 वोट, तो वहीं AAP उम्मीदवार लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सुरेश खजूरिया को महज 23 हजार 579 वोट मिले।
नई दिल्ली : गुरदासपुर लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस ने बड़ी जीत हासिल की है। बीजेपी और कांग्रेस के बीच प्रतिष्ठा का प्रश्न बनी पंजाब की गुरदासपुर लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी सुनील जाखड़ ने करीब दो लाख वोटों से बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल गठबंधन के प्रत्याशी स्वर्ण सलारिया को हरा दिया।
यहां कांग्रेस के जाखड़ को जहां 4 लाख 99 हजार 752 वोट, बीजेपी के सवर्ण सलारिया को 3 लाख छह हजार 533 वोट, तो वहीं AAP उम्मीदवार लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सुरेश खजूरिया को महज 23 हजार 579 वोट मिले।
Punjab: Congress's Sunil Jakhar wins #GurdaspurLokSabhaBypoll by 1,93,219 votes pic.twitter.com/rZMlF9qTvX
— ANI (@ANI) October 15, 2017
भारी जीत से उत्साहित कांग्रेस प्रत्याशी सुनील जाखड़ ने कहा कि गुरदासपुर के लोगों ने मोदी जी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के नीतियों के प्रति नाखुशी जाहिर कर एक कड़ा संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि जनता का यह निर्णय पंजाब में कैप्टन अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस के कामों पर मुहर है। पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने सुनील जाखड़ को बधाई देते हुए कहा कि यह पंजाब कांग्रेस की नीतियों और विकासवादी एजेंडे की जीत है।
उन्होंने कहा, 'मैं गुरदासपुर की जनता को आश्वासन देना चाहता हूं कि उनसे किया हुआ हरेक वादा पूरा होगा। साथ ही सभी विकासकार्यों को तेजी से पूरा किया जाएगा।' उन्होंने कहा कि गुरदासपुर उपचुनाव के नतीजे कांग्रेस के फिर से उत्थान का प्रतीक है। अब यह स्पष्ट है कि पार्टी वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले तरक्की की दिशा में बढ़ रही है।
कांग्रेस नेता और पंजाब सरकार में मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा है कि यह कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के लिए शानदार दिवाली गिफ्ट है। इस बीच जीत की घोषणा से पहले ही पंजाब कांग्रेस भवन में कांग्रेस कार्यकर्ता जश्न मनाने के लिए जुट गए। यह सीट फिल्म ऐक्टर व बीजेपी के वरिष्ठ नेता विनोद खन्ना के निधन के कारण खाली हुई थी। माना जा रहा है कि भाजपा के गढ़ में कांग्रेस की जीत से पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह की स्थिति और मजबूत होगी।
बता दें, गुरदासपुर सीट पर 56 फीसदी मतदान हुआ था। कांग्रेस विधानसभा चुनाव के अपने प्रदर्शन को लोकसभा उपचुनाव में दोहराने में कामयाब रही है। कांग्रेस ने गुरदासपुर की 9 में से 7 विधानसभा सीटें जीती थीं।
Next Story