जयपुर

देश के पहले अनोखे पार्क का राष्ट्रपति ने किया उद्घाटन

Satyapal Singh Kaushik
3 Jan 2023 10:30 AM GMT
देश के पहले अनोखे पार्क का राष्ट्रपति ने किया उद्घाटन
x
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को राजस्थान की राजधानी जयपुर में संविधान पार्क का उद्घाटन किया।

भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को राजस्थान की राजधानी जयपुर में संविधान पार्क का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हमारा लोकतंत्र विश्व का सबसे बड़ा व जीवंत लोकतंत्र है और इस लोकतंत्र का आधार हमारा संविधान है। उन्होंने कहा, ''हमारा लोकतंत्र विश्व का सबसे बड़ा व जीवंत लोकतंत्र है। हमारे इस महान लोकतंत्र का आधार हमारा संविधान है। इस समारोह में भाग लेकर संविधान निर्माताओं के प्रति सम्मान व्यक्त करने का अवसर मुझे मिल रहा है।' संविधान में हुए 105 संशोधनों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा,'' इस प्रकार से हमारा संविधान एक जीवंत दस्तावेज है जो समय के साथ बदलती हुई जनमानस की आशाओं व आकांक्षाओं को सम्माहित करने में पूरी तरह सक्षम है।''

राजस्थान का इतिहास महिलाओं की गरिमा और सशक्तीकरण का इतिहास भी है।

राष्ट्रपति ने कहा,'' हमारे संविधान में समानता का अधिकार दिया गया है। समानता तथा महिला सशक्ति के संदर्भ में राजस्थान के एक महत्वपूर्ण योगदान को मैं रेखांकित करना चाहूंगी।'' उन्होंने कहा कि बाल विवाह को समाप्त करने के वास्ते एक अधिनियम तैयार करने में राजस्थान के हरविलास शारदा का महत्वपूर्ण योगदान है और इस प्रकार राजस्थान का इतिहास महिलाओं की गरिमा और सशक्तीकरण का इतिहास भी है। उन्होंने विश्वास जताया कि संविधान उद्यान में स्थापित प्रतीकों में सम्माहित उच्च आदर्शों से आने वाली पीढ़ियां प्रेरणा लेंगी। उन्होंने कहा,'' मैं समझती हूं कि इस संविधान उद्यान के निर्माण का मुख्य उद्देश्य संविधान के आदर्शों के प्रति जागरुकता बनाए रखना है। यह बहुत ही महत्वपूर्ण उद्देश्य है जो हमारे देश के लोकतंत्र को मजबूत बनाए रखने की दिशा में बड़ा प्रयास है।''

देश का पहला संविधान पार्क

इससे पहले राजस्थान की दो दिवसीय यात्रा पर पहुंचीं राष्ट्रपति मुर्मू ने संविधान उद्यान की पट्टिका का अनावरण तथा उद्यान का उद्घाटन किया। इस अवसर पर राज्यपाल कलराज मिश्र, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, विधानसभा अध्यक्ष सी.पी. जोशी उनके साथ थे। पार्क के वास्तुकार अनूप बरतरिया ने उन्हें पार्क के बारे में जानकारी दी। राजस्थान देश का पहला ऐसा राज्य बन गया है जहां आमजन में संवैधानिक जागरुकता लाने के लिए राजभवन में संविधान उद्यान स्थापित किया गया है। पार्क में प्रतिमाओं, मॉडल और चित्रों आदि के माध्यम से संविधान के निर्माण से लेकर उसके कार्यान्वयन तक की यात्रा को प्रदर्शित किया गया है।

अमर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की

राष्ट्रपति ने राजभवन में स्थापित मयूर स्तम्भ, फ्लैग पोस्ट, गांधी प्रतिमा एवं महाराणा प्रताप की अपने घोड़े चेतक के साथ विश्रान्ति मुद्रा में स्थापित प्रतिमा का अवलोकन किया। राष्ट्रपति के रूप में मुर्मू की यह पहली राजस्थान यात्रा है। इससे पहले जयपुर हवाई अड्डा पहुंचने पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने उनकी अगवानी की। यहां से मुर्मू शहर में स्थित अमर जवान ज्योति पहुंचीं और वहां अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

Satyapal Singh Kaushik

Satyapal Singh Kaushik

न्यूज लेखन, कंटेंट लेखन, स्क्रिप्ट और आर्टिकल लेखन में लंबा अनुभव है। दैनिक जागरण, अवधनामा, तरुणमित्र जैसे देश के कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में लेख प्रकाशित होते रहते हैं। वर्तमान में Special Coverage News में बतौर कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story