जोधपुर

जोधपुर संभाग में दृढ़ता के साथ निकलेगी वसुंधरा की गौरव यात्रा

Special Coverage News
29 Aug 2018 6:57 AM GMT
सीएम ने बाँधी सुरक्षा बल के सिपाहियों को राखी
x
सीएम ने बाँधी सुरक्षा बल के सिपाहियों को राखी
जोधपुर संभाग में दृढ़ता के साथ निकलेगी वसुंधरा की गौरव यात्रा। न पत्थर, न काले झंडों से डरेंगी मुख्यमंत्री

कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अशोक गहलोत के राजनीतिक गढ़ माने जाने वाले जोधपुर संभाग में अब और दृढ़ता के साथ मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की गौरव यात्रा निकलेगी। इस संभाग के दूसरे दौर की यात्रा 29 अगस्त को जैतारण से प्रातः 10 बजे शुरू होगी।


भाजपा के पूर्व अध्यक्ष अशोक परनामी से लेकर राज्य के बड़े प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने यात्रा के मार्ग की सुरक्षा की पूरी तैयारी कर ली है। खुद सीएम राजे ने भी साफ कहा है कि जोधपुर संभाग में गौरव यात्रा दृढ़ता के साथ निकलेगी। सीएम ने साफ कर दिया है कि वे न पत्थरों से और काले झंडों के विरोध से डरेंगी। मालूम हो कि जोधपुर संभाग के पहले दौर में यात्रा पर पत्थरबाजी हुई तथा आमसभा में काले झंडे लहराए। हालांकि पुलिस ने कुछ लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।


अशोक परनामी का कहना है कि गिरफ्तार अधिकांश लोग गहलोत समर्थक हैं। पत्थरबाजी और काले झंडों की घटनाओं के बाद भाजपा की ओर से जो तेवर दिखाए गए हैं उससे साफ है कि सीएम वसुंधरा राजे जोधपुर में दिलेरी दिखाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगी। बल्कि ज्यादा आक्रमक होकर कांग्रेस पर हमला करेंगी। इस बार पुलिस के साथ-साथ भाजपा के कार्यकर्ता भी सुरक्षा का मोर्चा संभालेंगे।

यह है कार्यक्रमः

गौरव यात्रा के मीडिया प्रभारी नीरज जैन ने बताया कि 29 अगस्त को प्रातः 10 बजे सीएम की गौरव यात्रा जैतारण से शुरू होगी। सोजत और पाली में आम सभाएं करने के बाद सीएम फालना में रात्रि विश्राम करेंगी। इस दिन कोई डेढ़ किलो मीटर का रास्ता बसनुमा रथ से पूरा किया जाएगा। अगले दिन 30 अगस्त को प्रातः 10 बजे फालना से रवाना होकर सुमेरपुर, सिरोही तथा स्वरूपगंज में आम सभाएं करने का कार्यक्रम है। रात्रि विश्राम आबूरोड में होगा। 31 अगस्त को हैलीकाॅप्टर से रानीवाड़ा पहुंचेगी और फिर बगरा, बिशनपुरा आदि में सभाएं होंगी। जैन ने बताया कि यात्रा का जगह जगह स्वागत होगा। यात्रा के दौरान सीएम राजे सरकार के विकास कार्यों की जानकारी भी आम लोगों को होगी।

एसपी मित्तल

Next Story