धर्म-कर्म

मौनी अमावस्या पर राशि अनुसार जरूर करें ये उपाय, ग्रहों का मिलेगा साथ, मनोकामना होगी पूरी, जीवन होगा खुशहाल

Shiv Kumar Mishra
10 Feb 2021 3:24 AM GMT
मौनी अमावस्या पर राशि अनुसार जरूर करें ये उपाय, ग्रहों का मिलेगा साथ, मनोकामना होगी पूरी, जीवन होगा खुशहाल
x
इस दिन तिल का दान करने से शनि, राहु-केतु समेत पाप ग्रहों की पीड़ा से मुक्ति मिलती है। इस दिन भगवान विष्णु को भी तिल अर्पित करना चाहिए। इससे पुण्य फलों में वृद्धि होती है।

माघ माह की अमावस्या को मौनी अमावस्या के नाम से जाना जाता है। शास्त्रीय मान्यता है किइस अमावस्या के दिन मौन रहकर व्रत और भगवत भक्ति करने से अनेक प्रकार की सिद्धियां प्राप्त होती हैं। यह अमावस्या 11 फरवरी 2021 गुरुवार को आ रही है। अमावस्या का गुरुवार और श्रवण नक्षत्र के योग में आना अशुभ फलों में कमी लाएगा। मौनी अमावस्या के दिन प्रयागराज में त्रिवेणी संगम में स्नान-दान, शूकर क्षेत्र सोरों जी में वराह गंगा में स्नान, हरिद्वार, शिप्रा, नर्मदा, यमुना सहित अन्य पवित्र नदियों में स्नान-दान करने का बड़ा महत्व है। इस पूरे दिन मौन रहना चाहिए.

शास्त्रों में मौन को सर्वश्रेष्ठ औषधि और सर्वश्रेष्ठ तप-व्रत बताया गया है। चंद्रमा का संबंध मन से है और अमावस्या के दिन चंद्र आकाशमंडल से अनुपस्थित रहता है, ऐसे समय में अपनी वाणी और मन पर नियंत्रण करके अनेक प्रकार के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभ प्राप्त किए जा सकते हैं। वर्ष में कम से कम एक दिन पूर्ण मौन रहने से संयम में वृद्धि होती है। इस दिन मात्र जुबान को ही नहीं, बल्कि अपने मस्तिष्क को भी नकारात्मक बातों, नकारात्मक विचारों से मौन रखना चाहिए। इससे मस्तिष्क की सफाई हो जाती है और आध्यात्मिक उन्नति होती है। इस दिन मात्र अपने ईष्ट की भक्ति, चिंतन, मनन करना चाहिए.

मौनी अमावस्या के दिन मौन रहा जाता है। इस दिन पवित्र नदियों में स्नान करके यथाशक्ति दान-पुण्य करना चाहिए। मौनी अमावस्या के दिन नदियों के तट पर निवास करते हुए भगवान का पूजन, चिंतन, धर्म ग्रंथों का पठन, पाठन करना चाहिए। इस दिन गंगा तट पर समस्त देवी-देवताओं का वास रहता है, इसलिए ये दिन अधिक पुण्यदायी होता है.

मौनी अमावस्या के दिन श्रवण नक्षत्र में चंद्रमा सहित छह ग्रह सूर्य, शनि, बुध, गुरु और शुक्र मकर राशि में रहने से यह षटग्रही महायोग बना है। इसे महोदय योग भी कहते हैं। इस योग में गंगा में डुबकी लगाने और पितरों का पूजन तर्पण करने से पुण्य फल प्राप्त होता है। इस दिन तिल का दान करने से शनि, राहु-केतु समेत पाप ग्रहों की पीड़ा से मुक्ति मिलती है। इस दिन भगवान विष्णु को भी तिल अर्पित करना चाहिए। इससे पुण्य फलों में वृद्धि होती है।

मौनी अमावस्या पर समृद्धि के उपाय-

1- इस दिन भगवान विष्णु और शिव आराधना का विशेष महत्व है। भगवान विष्णु को तिल अर्पित करें और शिवजी का पंचामृत से अभिषेक करने से सुख-समृद्धि में वृद्धि होती है।

2- इस दिन गरीबों को भोजन करवाने, तिल, गुड़, वस्त्र, अन्न आदि दान करने से संकट दूर होते हैं।

3- इस दिन रात्रि के समय पवित्र नदियों या सरोवर आदि में दीपदान करने से आयु में वृद्धि होती है।

4- सुबह के समय पीपल के पेड़ में मीठा दूध अर्पित करने और शाम को पीपल के नीचे तिल के तेल का दीपक लगाने से शनि की पीड़ा से मुक्ति मिलती है।

5- किसी सुयोग्य ब्राह्मण को भोजन, कपड़े अवश्य भेंट करें इससे आपके पितृ प्रशन्न होंगे ।

मौनी अमावस्या समय

अमावस्या तिथि प्रारंभ 10 फरवरी की रात 1.10 बजे से

अमावस्या तिथि पूर्ण 11 फरवरी को रात 12.37 बजे तक

पुण्य काल 11 फरवरी को दिन में 2.06 बजे तक

महोदय योग, श्रवण नक्षत्र 11 फरवरी को दिन में 2.06 बजे तक

इस दिन आपके द्वारा अपनी राशि के अनुसार कुछ विशेष उपाय करने से ग्रह शांत होंगे और आपकी कई तरह की मनोकामनाएं पूरी होती हैं। राशि अनुसार ये उपाय इस प्रकार हैं-

मेष राशि

मौनी अमावस्या के दिन किसी भैरव मंदिर में जाकर सरसों के तेल का दीपक जलाना चाहिए। पीपल के वृक्ष में जल अर्पित करें। ये उपाय आपकी जिंदगी में खुशियों के रंग भर देगा।

वृषभ राशि

मौनी अमावस्या के दिन इत्र का प्रयोग जरूर करें। साथ ही कन्याओं को सफेद रंग की मिठाई खिलाएं। ऐसा करने से आप अपने कार्यक्षेत्र में सफल हो सकते हैं।

मिथुन राशि

मौनी अमावस्या के दिन माता अथवा बहन के समान किसी महिला को हरे वस्त्र का दान करना चाहिए। संभव हो तो इस दिन किन्नरों का आशीर्वाद जरूर लें और जरूरतमंद को हरी मूंग की दाल दान करें।

कर्क राशि

आपको मौनी अमावस्या के दिन किसी गरीब और असहाय व्यक्ति को सफेद रंग के वस्त्रों का दान करें। यह उपाय आपको कामयाबी दिलाने में कारगर होगा।

सिंह राशि

मौनी अमावस्या के दिन सूर्योदय के समय सूर्य देवता को जल चढ़ाएं और गरीबों में गेहूं दान करें। ऐसा करने से नए साल में आपके मान- सम्मान में वृद्धि होगी।

कन्या राशि

माघ अमावस्या के दिन जानवरों को हरे रंग का चारा खिलाना चाहिए। ऐसा करने से आपके जीवन की सभी समस्याएं दूर हो जाएंगी।

तुला राशि

मौनी अमावस्या के दिन कन्याओं को खीर का दान करना चाहिए। यह उपाय करने से आपको ऐश्वर्य की प्राप्ति होगी। आपके भौतिक सुखों में वृद्धि होगी।

वृश्चिक राशि

मौनी अमावस्या के दिन गुड़ और चना बंदरों को खिलाना चाहिए। ऐसा करने से आपके शत्रुओं का नाश होगा और आप भयमुक्त रहेंगे।

धनु राशि

मौनी अमावस्या के दिन किसी मंदिर में चने की दाल दान करें और माथे पर पीले चंदन अथवा हल्दी का तिलक जरूर लगाएं। ऐसा करने से आपको समस्त प्रकार के सुखों की प्राप्ति होगी।

मकर राशि

माघ अमावस्या के दिन गरीब और बेसहारे लोगों को कंबल का दान करना चाहिए। ऐसा करने से आपकी नौकरी में आ रही सभी तरह की परेशानियां दूर होंगी।

कुंभ राशि

मौनी अमावस्या के दिन काली उड़द की दाल दान और काले वस्त्रों का दान करें। ऐसा करने से आपके बिजनेस में आ रही सभी तरह की परेशानी दूर हो जाएगी।

मीन राशि

मौनी अमावस्या के दिन हल्दी और बेसन की मिठाई का दान करें। ऐसा करने से आपके जीवन में कभी भी धन की कोई कमी नहीं होगी।

पं0 गौरव कुमार दीक्षित

ज्योतिषाचार्य

शूकर क्षेत्र, सोरों जी

07452961234

Next Story