क्रिकेट

चौथे वनडे में न्यूजीलैंड ने भारत को 8 विकेट से हराया

Special Coverage News
31 Jan 2019 5:48 AM GMT
चौथे वनडे में न्यूजीलैंड ने भारत को 8 विकेट से हराया
x
टीम इंडिया शुरुआती तीन वनडे जीतकर सीरीज पहले ही अपने नाम कर चुकी है?

हैमिल्टन : न्यूजीलैंड ने पांच मैच की सीरीज के चौथे वनडे में भारत को आठ विकेट से हरा दिया। हालांकि, टीम इंडिया शुरुआती तीन वनडे जीतकर सीरीज पहले ही अपने नाम कर चुकी है, लेकिन आज के नतीजे के बाद वह न्यूजीलैंड के खिलाफ क्लीन स्वीप करने से चूक गई। अब वह सीरीज में 3-1 से आगे है।

चौथे वनडे में भारत की पूरी 30.5 ओवर में 92 रन पर ऑलआउट हो गई। उसके सात खिलाड़ी दहाई के अंक तक नहीं पहुंच पाए। दो खिलाड़ी शून्य पर आउट हुए। भारत की ओर से सबसे ज्यादा 18 रन युजवेंद्र चहल ने बनाए। वे नाबाद रहे। न्यूजीलैंड के लिए ट्रेंट बोल्ट ने सबसे ज्यादा 5 विकेट लिए। उन्होंने करियर में पांचवीं बार पांच विकेट लिए हैं। टीम इंडिया 7वीं बार 100 के अंदर ऑलआउट हुई है। उसका न्यूजीलैंड के खिलाफ यह दूसरा न्यूनतम स्कोर है। इससे पहले 10 अगस्त 2010 को दाम्बुला में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारतीय टीम 29.3 ओवर में 88 रन पर ऑलआउट हो गई थी।

भारतीय टीम पहली बार न्यूजीलैंड में वनडे खेलते हुए 100 रन का स्कोर पार नहीं कर पाई। यह उसका न्यूजीलैंड में सबसे कम स्कोर है। इससे पहले उसका न्यूजीलैंड में न्यूनतम स्कोर 108 रन था। जो उसने एक जनवरी 2003 को 41.1 ओवर और 26 दिसंबर 2002 को ऑकलैंड में 32.5 ओवर में बनाया था।

इससे पहले न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियम्सन ने टॉस जीता और गेंदबाजी का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही। उसके दोनों ओपनर्स 23 रन के स्कोर पर पवेलियन लौट गए। भारत ने 8 विकेट महज 55 रन के स्कोर पर गंवा दिए थे। न्यूजीलैंड के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट ने 10 में से चार ओवर मेडन फेंके।

आपको बता दें न्यूजीलैंड ने वनडे मे भारतीय टीम को चौथी बार आठ विकेट के अंतर से हराया है। उसने घरेलू मैदान पर दूसरी बार टीम इंडिया के खिलाफ 8 विकेट से जीत हासिल की है। इससे पहले उसने 14 मार्च 2009 को ऑकलैंड में भारत को 8 विकेट से हराया था। इसके अलावा वह 13 जून 1979 को लीड्स (इंग्लैंड) और 15 नवंबर 1995 को जमशेदपुर में भारत के खिलाफ 8 विकेट से जीत हासिल की थी।

Next Story