क्रिकेट

भारत ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर वनडे में 500वीं जीत दर्ज की, ऑस्ट्रेलिया के बाद ऐसा करने वाला दूसरा देश बना भारत

Special Coverage News
5 March 2019 4:28 PM GMT
भारत ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर वनडे में 500वीं जीत दर्ज की, ऑस्ट्रेलिया के बाद ऐसा करने वाला दूसरा देश बना भारत
x
विराट कोहली ने वनडे करियर का 40वां शतक लगाया।

नागपुर : टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली (116) के शतक के बाद गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ने सीरीज के दूसरे वनडे में ऑस्ट्रेलिया को 8 रन से हरा दिया। नागपुर के वीसीए स्टेडियम में टॉस जीतकर ऑस्ट्रेलिया ने भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया और मेजबान टीम 250 रन पर ऑलआउट हो गई। इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम 49.3 ओवर में 242 रन ही बना सकी। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने 5 मैचों की इस सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली।

भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 250 रन बनाए। इसके जबाव में ऑस्ट्रेलियाई टीम 242 रन ही बना सकी। उसे आखिरी ओवर में जीत के लिए 11 रन बनाने थे और उसके हाथ में दो विकेट थे। विजय शंकर ने पहली गेंद पर मार्क्स स्टोइनिस को एलबीडब्ल्यू किया। उसके बाद तीसरी गेंद पर जम्पा को बोल्ड कर दिया।


भारत की यह वनडे में ओवरऑल 500वीं जीत

भारतीय टीम की वनडे में यह 500वीं जीत है। वह 500 मैच जीतने वाला दूसरा देश बन गया। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने ऐसा किया है। टीम इंडिया ने अब तक 963 वनडे खेले हैं। इनमें से उसने 500 जीते हैं। वहीं, ऑस्ट्रेलिया ने 924 वनडे में से 558 में जीत हासिल की है।

कोहली का 40वां शतक

विराट कोहली ने वनडे करियर का 40वां शतक लगाया। यह नागपुर में उनकी दूसरी सेंचुरी रही। उन्होंने इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ही अक्टूबर 2013 में इस मैदान पर 115 रन की नाबाद शतकीय पारी खेली थी। वह दिग्गज सचिन तेंडुलकर (49 वनडे शतक) के बाद वनडे में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले क्रिकेटर हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विराट ने 7वां शतक लगाया। विराट 116 के निजी स्कोर पर पैट कमिंस का शिकार बने। उन्हें स्टॉयनिस ने लपका।

Next Story