क्रिकेट

IPL में छक्कों का दोहरा शतक बनाने वाले पहले भारतीय बने धोनी, 4 हजार रन बनाने वाले पहले कप्तान

Special Coverage News
22 April 2019 5:58 AM GMT
IPL में छक्कों का दोहरा शतक बनाने वाले पहले भारतीय बने धोनी, 4 हजार रन बनाने वाले पहले कप्तान
x
कप्तान के तौर पर धोनी के 168 मैच में 4040 रन हो गए?

नई दिल्ली : चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल में 200 छक्के लगाने वाले पहले भारतीय बन गए। उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ रविवार को खेले गए मैच में यह उपलब्धि हासिल की। धोनी के नाम टूर्नामेंट में 184 मुकाबलों में 203 छक्के हो गए। धोनी ने नाबाद 84 रन की पारी के दौरान कप्तान के तौर पर 4000 रन भी पूरे कर लिए। वे इस आंकड़े तक पहुंचने वाले पहले कप्तान हैं। धोनी ने 166 मैच में कप्तानी की, जिनमें 4040 रन बनाए।

धोनी सबसे ज्यादा छक्के लगाने वालों की लिस्ट में तीसरे स्थान पर हैं। किंग्स इलेवन पंजाब के क्रिस गेल ने 121 मैच में सबसे ज्यादा 323 और बेंगलुरु के एबी डिविलियर्स ने 150 मैच में 204 छक्के लगाए हैं।

बेंगलुरु के खिलाफ धोनी नाबाद रहे। रन चेज में यह उनकी चौथी ऐसी पारी हैं, जिसमें नाबाद रहने के बावजूद टीम को हार का सामना करना पड़ा। पिछली बार 2018 में पंजाब के खिलाफ उन्होंने 44 गेंद पर 79 रन बनाए थे, लेकिन चेन्नई को हार मिली थी।

धोनी अब तक 168 मुकाबलों में कप्तानी कर चुके हैं। इनमें 101 में उन्हें जीत मिली। 65 मुकाबले हारे और एक में नतीजा नहीं निकला। वे इस टूर्नामेट में 100 मैच जीतने वाले पहले कप्तान हैं। चेन्नई के कप्तान के रूप में 154 मैच में 96 जीत चुके हैं। वे 14 मैच में पुणे सुपरजाएंट्स की कप्तानी भी कर चुके हैं।

बेंगलुरु के खिलाफ धोनी ने उमेश यादव के आखिरी ओवर में 24 रन बनाए। हालांकि, टीम को एक रन से हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने इस पारी में पांच चौके और सात छक्के लगाए। चेन्नई का अगला मैच 23 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद से है।

Tags
Special Coverage News

Special Coverage News

    Next Story