Archived

LIVE: राम रहीम के 'डेरा' का खुलेगा कई राज, सर्च ऑपरेशन शुरू, 5000 सुरक्षाकर्मी तैनात

Vikas Kumar
8 Sept 2017 11:15 AM IST
LIVE: राम रहीम के डेरा का खुलेगा कई राज, सर्च ऑपरेशन शुरू, 5000 सुरक्षाकर्मी तैनात
x

सिरसा : हरियाणा के सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा के मुख्यालय में पैरामिलिट्री और पुलिस के जवानों का सर्च ऑपरेशन शुरू हो चुका है। पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट के नियुक्त किए गए कोर्ट कमिश्नर की निगरानी में तलाशी अभियान चल रही है। तलाशी अभियान को 10 भागों में बांटा गया है। जवानों की मदद के लिए डेरा मुख्यालय के बाहर बम स्क्वॉड भी तैनात है।

हाई कोर्ट द्वारा नियुक्त कोर्ट कमिश्नर रिटायर्ड जज एकेएस पंवार ने सर्च ऑपरेशन को लेकर अधिकारियां के साथ बैठक कर रणनीति बनाई है। दरअसल रिटायर्ड जज एके पवार के नेतृत्‍व में ही ये सर्च ऑपरेशन होगा। ये सर्च आॅपरेशन हाईकोर्ट के आदेश पर हो रहा है। सर्च ऑपरेशन के दौरान किसी तरह की ढील नहीं दी जाएगी। स्‍वाट कमांडो को सिरसा में रहने कहा गया है। इस अभियान के लिए पांच हज़ार सुरक्षाकर्मी तैनात है।

पूरे सर्च ऑपरेशन की वी‍डि‍योग्राफी की जा रही है, इसके लिए 50 वीडियोग्राफर पहुंचे हैं। पूरे तलाशी अभियान की सीलबंद रिपोर्ट हाईकोर्ट को सौंपी जाएगी। इस अभियान के लिए एसपी रैंक के अधिकारियों की 10 टीमें बनाई गई हैं। जिसमें राज्य पुलिस, अर्धसैनिक बल, आरएएफ़ के जवान, बम निरोधी दस्ता, एक डॉग स्क्वॉड, दंगा निरोधी बल और दमकल की गाड़ियां भी डेरा मुख्यालय के अंदर गई हैं। साथ ही 100 बैंक कर्मचारी भी डेरा मुख्यालय के अंदर गई हैं।

इसके अलावा सेना की 4 टुकड़ियों को रिज़र्व रखा गया है। साथ ही ड्रोन से डेरा मुख्यालय की निगरानी की जा रही है। बैंक के 100 कर्मचारी भी डेरे के अंदर हैं। राजस्व विभाग की टीमें भी अंदर जाएंगी। 22 लुहार ताला तोड़ने के लिए अंदर ले जाए गए हैं। वहीं 10 जेसीबी मशीनें भी पहुंच चुकी हैं।

डेरे का कैम्पस करीब 700 एकड़ का है इसलिए इस तलाशी अभियान में काफ़ी समय लग सकता है। गुरमीत राम रहीम के डेरे के अंदर से आज कई राज बाहर आने की संभावना है। डेरा मुख्यालय की तरफ से समर्थकों से शांति बनाये रखने की अपील की गयी है।

गौरतलब है कि रेप केस में जेल में बंद गुरमीत राम रहीम ने सिरसा के नज़दीक डेरा मुख्यालय के अंदर एक शहर बसा रखा है, जहां सिनेमाहॉल, मॉल, स्कूल और यहां तक कि रिसॉर्ट भी हैं। साध्वियों के रेप के केस में 20 साल की सज़ा होने के बाद भी सिरसा के आसपास के गांवों में कई सारे लोग अभी भी गुरमीत राम रहीम को ग़लत नहीं मानते हैं, उनका मानना है कि उन्हें फंसाया गया है। गुरमीत सिंह के कई भक्तों के आंखों में अंधविश्वास का पर्दा डला हुआ है वो कोर्ट के फ़ैसले से भी नहीं जागे हैं।

Next Story