Archived

छत्तीसगढ़ : नक्सलियों से मुठभेड़ में सेना के दो जवान शहीद, 4 घायल

Special News Coverage
12 March 2016 11:04 AM IST
छत्तीसगढ़


रायपुर : छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित इलाके कांकेर जिले में नक्सलियों के साथ शुक्रवार देर रात हुई मुठभेड़ में सेना के दो जवान शहीद हो गए, वहीं, 4 अन्य जवान के घायल होने की खबर है।

मिली जानकारी के मुताबिक, यह हमला देर रात करीब ढाई बजे हुआ। इस दौरान सीमा सुरक्षा बल की 122 बटालियन के जवान नक्सलियों को रोकने में जुट गए। शहीद जवानों के नाम विजय कुमार और मुकेश हैं।

कांकेर जिले के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के बांदे थाना क्षेत्र के अंतर्गत बेचा गांव के जंगल में नक्सलियों ने आज तड़के बीएसएफ के गश्ती दल पर हमला किया। हमले में बीएसएफ के 122वीं बटालियन के जवान विजय कुमार और राकेश नेहरा शहीद हो गए तथा चार अन्य जवान घायल हो गए हैं।

लिस अधिकारियों ने बताया कि बीएसएफ के 117 वीं, 122 वीं बटालियन तथा जिला बल के संयुक्त दल को पंखाजूर क्षेत्र के छोटेबेटिया शिविर से नक्सल विरोधी अभियान में गश्त के लिए रवाना किया गया था। दल जब बेचा गांव के जंगल और नदी के करीब पहुंचा तब नक्सलियों ने दल पर हमला कर दिया। इस हमले में बीएसएफ के छह जवान घायल हो गए।

उन्होंने बताया कि बीएसएफ के दल ने जवाबी कार्रवाई की। लगभग एक घंटे तक दोनों ओर से गोलीबारी के बाद नक्सली वहां से भाग गए। मुठभेड़ की जानकारी मिलने के बाद अतिरिक्त बल घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया था।

घायल जवानों में मनोज कुमार, सिप्तेन थमसन, जगदीश कुमार और बप्पा देवनाथ आदि के नाम शामिल हैं। शहीद हुए दोनों जवान 2011-12 में बल में भर्ती किए थे।
Next Story