Archived

अयोध्या में बाबरी मस्जिद के प्रतीक का प्रदर्शन, प्रशासन के उड़े होश

Special News Coverage
24 Dec 2015 9:05 AM GMT
masjid_model_ram_janm_bhumi

फैजाबादः अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए पत्थर लाने और तराशने का काम शुरू होने के बाद ही अब मुस्लिम पक्ष ने बाबरी मस्जिद का एक मॉडल बनवाया है। जिसे सार्वजनिक तौर पर प्रदर्शित किया जा रहा है। इस खबर से पूरे जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया है। प्रसाशन पूरी तरह सतर्क हो गया है।

मालुम हो कि विहिप ने जब मंदिर निर्माण के लिए शिलाएं और पत्थर मंगाना शुरु किया। वैसे ही मस्जिद के पक्षकारों ने भी पत्थर मंगवाने का ऐलान किया था। गुरुवार (आज) को पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की जयंती के मौके पर काजियान मोहल्ले में नूरानी कमेटी की तरफ से एक मंच सजाया गया। जिस पर बाबरी मस्जिद का मॉडल भी प्रदर्शित किया जा रहा है।

जिस जगह मंच सजाया गया है। उस जगह से विवादित स्थल महज दो सौ मीटर की दूरी पर है। मस्जिद के मॉडल की खबर मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। अधिकारी मौके पर पहुंच गए और स्वत: संज्ञान लेते हुए मस्जिद के मॉडल पर लगी बाबरी मस्जिद की पट्टी हटा दी। इस बात को लेकर मुस्लिम पक्ष ने ऐतराज जताया लेकिन अधिकारियों ने समझा बुझाकर मामला शांत करवा दिया।

अपर जिलाधिकारी शहर राम निवास शर्मा ने बताया कि मामला प्रशासन के संज्ञान में है। मॉडल में लगी बाबरी मस्जिद की पट्टी को हटवा दिया गया है। आयोजन परम्परागत और शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा है। सुरक्षा के मद्देनजर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।

इस मामले में आयोजन से जुड़े लोगों ने आपत्ति करते हुए थाना रामजन्म भूमि पुलिस को मौखिक शिकायत भी की। संवेदनशील हालात को देखते हुए जिले के तमाम आलाधिकारी फौरन थाना रामजन्म भूमि पहुंच गए और पूरे मामले की जानकारी लेने के बाद शिकायत करने वालों को सर्वाजनिक स्थल पर बाबरी मस्जिद या राम मंदिर का मॉडल न लगाने की बात कह कर मामला शांत करा दिया। फिर भी माहौल में अचानक हुई घटना से लोग असमंजस में है। खबर लिखे जाने तक स्थिति सामन्य और प्रसाशन सतर्कता बरत रहा है।



Next Story