तेलंगाना

अमित शाह बोले, 'चंद्रबाबू नायडू की गिरफ्तारी वारंट के पीछे भाजपा का हाथ नहीं'

Arun Mishra
15 Sep 2018 11:43 AM GMT
अमित शाह बोले, चंद्रबाबू नायडू की गिरफ्तारी वारंट के पीछे भाजपा का हाथ नहीं
x
नायडू को गैर जमानती वारंट जारी होने पर तेलूगु देशम पार्टी (तेदेपा) ने आरोप लगाया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह 'बदले की राजनीति' कर रहे हैं।

नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष अमित शाह ने कहा है कि आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी होने में उनकी पार्टी का कोई हाथ नहीं है।


तेलंगाना के दौरे पर आये शाह ने शनिवार को संवाददाता सम्मेलन में नायडू के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी होने की खबरों पर कहा कि भाजपा की इसमें कोई भूमिका नहीं है। चुनाव के दौरान मतदाताओं की सहानुभूति बटोरने के लिए भाजपा पर इस प्रकार के आरोप लगाए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जिस समय यह मुकदमा दर्ज हुआ था, उस दौरान केन्द्र और महाराष्ट्र दोनों स्थानों पर कांग्रेस की सरकारें थीं। नायडू को गैर जमानती वारंट जारी होने पर तेलूगु देशम पार्टी (तेदेपा) ने आरोप लगाया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह 'बदले की राजनीति' कर रहे हैं। केन्द्र की मोदी सरकार में शामिल तेदेपा ने कुछ माह पूर्व आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा नहीं दिए जाने पर अपने को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन(राजग) से अलग कर लिया था।

इसके बाद आंध्र प्रदेश सरकार मे शामिल भाजपा के मंत्रियों ने तथा केंद्र सरकार में तेदेपा के मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया था। उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र की धमार्बाद अदालत ने दो दिन पहले तेदेपा प्रमुख चंद्रबाबू नायडू के 2010 में गोदावरी नदी पर बनने वाले बबली बैराज आंदोलन मामले में गैर जमानती वारंट जारी किया है। आंदोलन के समय चंद्रबाबू नायडू अविभाजित आंध्र प्रदेश में नेता विपक्ष थे।

Next Story