Top Stories

बिहार के 11 लोग जिंदा जले, कबाड़ गोदाम में आग लगने से हादसा

Shiv Kumar Mishra
23 March 2022 5:44 PM IST
बिहार के 11 लोग जिंदा जले, कबाड़ गोदाम में आग लगने से हादसा
x

हैदराबाद/पटना: हैदराबाद के एक कबाड़ गोदाम में लगी भयंकर आग ने बिहार के 11 मजदूरों को निगल लिया। तेलंगाना के मुख्यमंत्री केसी राव ने मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे का एलान किया है और मजदूरों के शवों को बिहार भेजने की व्यवस्था करने का निर्देश दिया है।

तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में बुधवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया। भोईगुड़ा स्थित कबाड़ गोदाम में भीषण आग लग गई। इस हादसे में 11 लोग जिंदा जल गए। मारे गए सभी मजदूर बिहार के रहने वाले हैं।

हैदराबाद डीसीपी सेंट्रल जोन के अनुसार सभी 11 शवों को बाहर निकाल लिया गया है। जहां शवों का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। प्रारंभिक जांच के अनुसार शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी है लेकिन पुलिस मामले की जांच कर रही है।

5 लाख के मुआवजे का एलान

तेलंगाना के मुख्यमंत्री केसी राव ने आग लगने से बिहार के मजदूरों की मौत पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने परिजनों को 5-5 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की और मुख्य सचिव को घटना में मारे गए श्रमिकों के शवों को भेजने की व्यवस्था करने का निर्देश दिया है।

हैदराबाद के कलेक्टर एल. शरमन के अनुसार सुबह 4 बजे आग लगी, जानकारी मिलने पर दमकल की टीम आई और आग पर काबू पाया। इस घटना में 11 लोगों की मौत हो गई।

हैदराबाद के पुलिस ​कमिश्नर सीवी आनंद ने बताया कि आग लगने की घटना एक कबाड़ गोदाम में हुई, 12 प्रवासी मजदूर यहां रह रहे थे। सिर्फ एक व्यक्ति को आग लगने का पता चल सका और वो बाहर निकल पाया। सुबह करीब 3:30 बजे आग लगनी शुरू हुई, ज्यादातर शव सोती हुई अवस्था में मिले हैं। ये बहुत दुर्भाग्यपूर्ण घटना है और मृतकों की संख्या बहुत ज्यादा है। सभी मृतकों की उम्र 22 से 35 साल के बीच है।

Next Story