
- Home
- /
- Top Stories
- /
- अन्ना आंदोलन को धोखा...

पंजाब विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में आई है। आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता भगवंत मान ने बुधवार को पंजाब के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। बता दें कि 'आप' ने पंजाब विधानसभा की कुल 117 में से 92 सीटें जीतकर यहां पहली बार सरकार बनाई है।
पंजाब में सरकार बनाने को लेकर हरियाणा मंत्री अनिल विज ने अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी पर कटाक्ष करते हुए इसे अन्ना हजारे के आंदोलन के दौरान किए गए धोखे से जन्मी पार्टी बताया है।
विज ने कहा कि आम आदमी पार्टी का जन्म धोखे से हुआ है। अन्ना हजारे के आंदोलन के दौरान वो तो आंदोलन के लिए बैठे थे, लेकिन इन्होंने राजनीतिक महत्वाकांक्षाएं रख कर उनके आंदोलन की आड़ में अपने संगठन का निर्माण कर लिया। इसलिए जैसा ये बताते हैं वैसे ये हैं नहीं और जो ये कहते हैं वो ये करते नहीं हैं। बाकि पंजाब के लोगों का फैसला है, उन्होंने इनको चुना है तो देखते हैं क्या होता है।
इससे पहले विधानसभा चुनाव परिणामों के बाद विज ने 'आप' पर कटाक्ष करते हुए कहा था कि पार्टी को दिल्ली की सड़कों पर शराब बेचने की कला में महारत हासिल है और पंजाब के लोगों ने इसकी सराहना की है क्योंकि राज्य में नशीली दवाओं का एक बड़ा व्यापार है। विज ने कहा था, 'इससे पंजाब में हालात और खराब होंगे।'
गौरतलब है कि 'आप' ने 117 सदस्यीय पंजाब विधानसभा में कांग्रेस और शिअद-बसपा गठबंधन को पछाड़ते हुए 92 सीटों पर जीत हासिल की है। वहीं, कांग्रेस को 18, शिअद को 3, भाजपा को 2 और एक-एक सीट बसपा और निर्दलीय को मिली हैं।
