
- Home
- /
- Top Stories
- /
- ठाकरे परिवार की बहू...
ठाकरे परिवार की बहू बनेंगी भाजपा नेता हर्षवर्धन पाटिल की बेटी अंकिता, जानें कब होगी शादी

भाजपा और शिवसेना के बीच भले ही राजनीतिक रिश्ते इन दिनों अच्छे नहीं हैं, लेकिन दोनों दलों के नेताओं के बीच एक नया रिश्ता होने जा रहा है। महाराष्ट्र सरकार में मंत्री रहे हर्षवर्धन पाटिल की बेटी अंकिता पाटिल की शादी बाल ठाकरे के पोते निहार ठाकरे से तय हुई है। यह हाई प्रोफाइल शादी मुंबई के एक होटल में 28 दिसंबर को होने वाली है, जिसमें कुछ खास लोगों की ही मौजूदगी रहेगी। अंकिता पाटिल फिलहाल कांग्रेस में हैं और पुणे जिला परिषद की सदस्य हैं। इसके अलावा इंडियन शुगर मिल्स एसोसिएशन की डायरेक्टर भी हैं।
अंकिता के पिता हर्षवर्धन पाटिल भी लंबे समय तक कांग्रेस में ही थे, लेकिन 2019 में पार्टी से नाता तोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे। अंकिता पाटिल के पति होने जा रहे निहार ठाकरे के बारे में कम ही लोग जानते हैं। वह बाल ठाकरे के दिवंगत पुत्र बिंदुमाधव ठाकरे के बेटे हैं। बिंदुमाध्व का एक हादसे में 1996 में निधन हो गया था। बिंदुमाधव ठाकरे महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे के बड़े भाई थे। निहार ठाकरे पेशे से अधिवक्ता हैं और मुंबई में ही वकालत करते हैं। इस शादी में ठाकरे परिवार के जुटने की उम्मीद है। मंगलवार को भाजपा नेता हर्षवर्धन पाटिल व्यक्तिगत तौर पर निमंत्रण देने के लिए राज ठाकरे के घर पर पहुंचे थे।
