Top Stories

बारात के स्वागत की चल रही थी तैयारियां, कुएं में कूदकर दुल्हन ने दे दी जान, पुलिस बोली- आत्महत्या के दो कारण

सुजीत गुप्ता
12 May 2022 1:57 PM GMT
बारात के स्वागत की चल रही थी तैयारियां, कुएं में कूदकर दुल्हन ने दे दी जान, पुलिस बोली- आत्महत्या के दो कारण
x

प्रतीकात्मक फोटो

झांसी के सीपरी बाजार इलाके के बूढ़ा गांव में बरात आने के दिन कुएं में कूदकर दुल्हन ने जान दे दी। सीपरी बाजार के बूढ़ा गांव निवासी प्रीति (20) पुत्री संजीव पाल की गुरुवार को बारात आनी थी। घर पर बारात के स्वागत की तैयारियां चल रहीं थीं। प्रीति की सगाई के बाद परिजन बुधवार को फलदान देने के लिए दूल्हे निखिल के घर कुम्हरा गांव गए थे। रात करीब 1 बजे वह लौटकर आए। पिता के मुताबिक तीन माह पहले बेटी का रिश्ता कुम्हरा गांव में निखिल से तय हुआ था।

गुरुवार रात को बरात आने वाली थी लेकिन, सुबह प्रीति घर पर नहीं थी। उसकी तलाश शुरू की तो घर के पास कुएं के बाहर प्रीति की चप्पलें उतरी थीं। पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों को कुएं में उतारा। तलाश के थोड़ी देर बाद ही कुएं में प्रीति का शव बरामद हो गया। संजीव की तीन बेटियां और एक बेटा है, जिसमें प्रीति सबसे बड़ी थी। पिता ने बताया कि 3 माह पहले ही बेटी का रिश्ता तय हुआ था।

शादी वाले घर में बेटी की मौत से कोहराम मच गया। रोते हुए पिता बोले कि बेटी ने आत्महत्या की है, लेकिन वजह साफ नहीं है। उन्होंने कहा कि जब तक वह फलदान करके आए थे, तब तक सब ठीक थी। फिर उसने जान क्यों दी। यह समझ नहीं आ रहा है।

गांव में इस बात की चर्चा

प्रीति घर पर ही रहती थी। जानकारी अनुसार, परिवार के लोगों ने बिना पूछे उसका रिश्ता कुम्हार में तय कर दिया था। इससे वह नाखुश थी और शादी करने से इनकार कर दिया। लड़की की मां व दादी ने लड़की को समझाने की कोशिश की, इसके बावजूद वह शादी के लिए राजी नहीं थी। परिवार के लोगों ने बात नहीं मानी। गुरुवार रात फलदान हो गया। फलदान रस्म में पिता ने दामाद को बाइक और 11 हजार रुपए दिए थे।

पुलिस बोली- आत्महत्या के दो कारण हो सकते हैं

पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। आत्महत्या के दो कारण हो सकते हैं। पहला- प्रीति की मर्जी के अनुसार शादी नहीं हो रही थी। इसलिए उसने जान दी। जबकि दूसरा फलदान के बाद उसका दूल्हे से विवाद हो गया हो। फिलहाल, दूल्हे से भी पूछताछ की जा रही है।

Next Story