
- Home
- /
- Top Stories
- /
- Congress President...
Congress President Election: जानिए क्यों रद्द हुआ कांग्रेस के इस उम्मीदवार का नामांकन?

Congress President Election: कांग्रेस के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री ने शनिवार (1 अक्टूबर, 2022) को मीडिया बात करते हुए कहा कि कल (शुक्रवार, 30 सितंबर) हमें 20 फॉर्म मिले थे और वो फॉर्म सही है कि नहीं उसकी जांच आज हमने की थी। 20 में से 4 फॉर्म रिजेक्ट हुए हैं।
मिस्त्री ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए हमारे दो उम्मीदवार मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर चुनाव लड़ेंगे। उम्मीदवार नामांकन वापसी 8 अक्टूबर तक कर सकते हैं। मिस्त्री ने कहा केएन त्रिपाठी के फॉर्म को खारिज कर दिया गया, क्योंकि यह निर्धारित मानदंडों को पूरा नहीं करते थे, हस्ताक्षर से संबंधित मुद्दे थे। कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए 17 अक्टूबर को मतदान होगा और 19 अक्टूबर को मतों की गिनती के बाद उसी दिन परिणाम को घोषित कर दिया जाएगा।
मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर ने शुक्रवार (30 सितंबर, 2022) को नामांकन पत्र दाखिल किया था। नामांकन करने के बाद मल्लिकार्जुन खड़गे ने राज्यसभा में नेता विपक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने यह फैसला 'एक नेता एक पद' के नियम को ध्यान में रखते हुए लिया था।
मल्लिकार्जुन खड़गे ने अपना इस्तीफा कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को भेज दिया । उदयपुर में हुए कांग्रेस के चिंतन शिविर में ये फैसला लिया गया था कि कोई भी व्यक्ति पार्टी में दो पदों पर नहीं होगा।
बता दें कि, कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव के लिए पहले राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह का नाम भी चल रहा था। राजस्थान कांग्रेस में बगावत के बाद अशोक गहलोत ने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था। वहीं दिग्विजय सिंह नामांकन करने की घोषणा करने के बाद शुक्रवार को अध्यक्ष पद की दौड़ से हट गए थे।